- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- साई पल्लवी का सीता...

नई दिल्ली। शादी का सीजन आते ही महिलाओं के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि ऐसा क्या पहना जाए, जो खूबसूरत, एलिगेंट और ट्रेडिशनल होने के साथ-साथ ज्यादा ओवर ड्रेस्ड भी न लगे। अगर आप भी किसी शादी या खास समारोह में शामिल होने की तैयारी कर रही हैं और लहंगे या फ्यूजन आउटफिट से अलग कुछ क्लासी पहनना चाहती हैं, तो अभिनेत्री साई पल्लवी के लेटेस्ट ट्रेडिशनल लुक से प्रेरणा ले सकती हैं।
फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' के प्रमोशन के दौरान साई पल्लवी का एक रॉयल कांजीवरम साड़ी लुक काफी चर्चा में रहा। सीता के किरदार में नजर आने वाली साई पल्लवी ने अपनी सादगी और खूबसूरती से इस पारंपरिक पहनावे को एक नया अंदाज दिया। उनका यह लुक उन महिलाओं के लिए खास इंस्पिरेशन है, जो शादी के मौके पर रॉयल लेकिन सटल स्टाइल अपनाना चाहती हैं।
साई पल्लवी ने इस लुक के लिए गोल्डन रंग की खूबसूरत कांजीवरम साड़ी चुनी थी। साड़ी पर मौजूद मजेंटा रंग का बॉर्डर इसकी खूबसूरती को और बढ़ा रहा था। गोल्डन और मजेंटा का यह कॉम्बिनेशन बेहद शाही और आकर्षक नजर आ रहा था। कांजीवरम साड़ियां वैसे भी अपनी रिच सिल्क फैब्रिक, पारंपरिक डिजाइन और रॉयल अपील के लिए जानी जाती हैं। शादी समारोहों के लिए यह एक परफेक्ट विकल्प मानी जाती हैं।
अगर आप भी वेडिंग सीजन में ट्रेडिशनल लुक चाहती हैं, तो कांजीवरम या बनारसी सिल्क साड़ी को अपनी वार्डरोब में शामिल कर सकती हैं। ये साड़ियां बिना ज्यादा एक्सपेरिमेंट के भी आपको बेहद ग्रेसफुल और रॉयल लुक देने में सक्षम होती हैं।
साई पल्लवी ने अपनी साड़ी के साथ मैचिंग मजेंटा और गोल्डन कलर का ब्लाउज पहना था। खास बात यह थी कि उन्होंने ब्लाउज को बहुत ज्यादा डिजाइनर या हैवी नहीं रखा। सिंपल और क्लासिक ब्लाउज ने उनकी साड़ी और जूलरी को ज्यादा उभरकर सामने आने का मौका दिया।
फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर आपकी साड़ी का बॉर्डर चौड़ा या ज्यादा हैवी है तो ब्लाउज को सिंपल और एलिगेंट रखना बेहतर होता है। मैचिंग कलर का एल्बो लेंथ ब्लाउज या क्लासिक डिजाइन आपके पूरे लुक को ज्यादा आकर्षक बना सकता है।
साई पल्लवी के इस लुक में जूलरी ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने गले में खूबसूरत चोकर नेकलेस, कानों में मैचिंग झुमके और हाथों में गोल्डन चूड़ियां पहनी थीं। उनकी जूलरी ने ट्रेडिशनल लुक को पूरी तरह कंप्लीट किया।
सिल्क साड़ियों के साथ गोल्ड जूलरी या टेंपल ज्वेलरी हमेशा शानदार विकल्प मानी जाती है। अगर आप चोकर पहन रही हैं तो ध्यान रखें कि ब्लाउज की नेकलाइन बहुत ज्यादा हाई न हो। इसके साथ झुमके और चूड़ियों का सही तालमेल आपके लुक को और भी रॉयल बना सकता है।
हेयरस्टाइल की बात करें तो साई पल्लवी ने अपने नेचुरल कर्ली बालों को हाफ-अप स्टाइल में रखा। उन्होंने अपने बालों के नेचुरल टेक्सचर को छिपाने के बजाय उसे खूबसूरती से फ्लॉन्ट किया। यह हेयरस्टाइल उनके चेहरे और जूलरी दोनों को अच्छी तरह हाइलाइट कर रहा था।
अगर आपके बाल भी कर्ली या वेवी हैं तो उन्हें स्ट्रेट करने के बजाय नेचुरल रखने का विकल्प चुन सकती हैं। हाफ-अप हेयरडू ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ काफी खूबसूरत लगता है और चेहरे को भी आकर्षक बनाता है।
मेकअप की बात करें तो साई पल्लवी ने अपने इस लुक को मिनिमल रखा। उन्होंने हैवी फाउंडेशन या बोल्ड मेकअप के बजाय नेचुरल बेस चुना। माथे पर छोटी-सी बिंदी ने उनके पूरे ट्रेडिशनल लुक को पूरा कर दिया।
वेडिंग सीजन में अगर आप भी खूबसूरत और क्लासी दिखना चाहती हैं, तो साई पल्लवी के इस कांजीवरम साड़ी लुक से टिप्स ले सकती हैं। सिंपल स्टाइलिंग, सही जूलरी और नेचुरल मेकअप के साथ आप भी रॉयल और एलिगेंट लुक पा सकती हैं।





