लाइफ स्टाइल

गणेश चतुर्थी पर खुद को ऐसे करें तैयार, ये स्टाइलिश ड्रेस

Shiddhant Shriwas
9 Sep 2021 4:11 AM GMT
गणेश चतुर्थी पर खुद को ऐसे करें तैयार, ये स्टाइलिश ड्रेस
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। इस बार 10 सितंबर को गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाना है। भगवान गणेश की प्रतिमा घर पर स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गणेश उत्सव को सेलेब्स से लेकर आम लोग तक सभी बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। सलमान खान से लेकर शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के घर पर गणेश उत्सव का कार्यक्रम होता है। उनके घरों में होने वाली गणेश पूजा की फोटो देख फैंस भी सेलेब्स की तरह ही गणेश चतुर्थी मनाना चाहते हैं। अगर ऐसा आपके साथ भी है, तो सबसे पहले अपना वॉडरोब चेक कर लीजिये। कुछ तैयारियों के साथ आप भी किसी सेलिब्रिटी की तरह ही गणेश चतुर्थी का पर्व मना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले तो ये तय कर लीजिए कि आपको पहनना क्या है। गणेश चतुर्थी में फैशनेबल और क्लासी दिखने के लिए लड़के और लड़कियों को ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं। कुछ खास परिधान आपके लुक्स में बदलाव के साथ ही गणेश उत्सव के पर्व को यादगार बना देंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस गणेश चतुर्थी आप कौन सी ड्रेस पहन सकते हैं।

भगवान गणेश के प्रिय रंगों के मुताबिक पहने कपड़े

गणेश चतुर्थी में परिधान के सलेक्शन से पहले आपको ये जान लेना चाहिए कि भगवान गणेश के पसंदीदा रंग क्या हैं। दो रंग गणेश जी के प्रिय होने से साथ ही शुभ माने जाते हैं। अगर आप गणेश पूजा में इन रंगों के परिधान पहनते हैं तो भगवान गजानन आप पर जल्दी प्रसन्न हो सकते हैं। इनमें लाल रंग और पीला रंग शामिल है।

गणेश चतुर्थी फैशन टिप्स

लाल रंग पूजा पाठ में शुभ माना जाता है। लाल रंग सभी पर सुंदर लगता है। लड़कियां लाल रंग की हल्की बनारसी या शिफोन की साड़ी पहन सकती हैं। बालों में स्टाइलिश जुड़ा आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा देगा। हल्की ज्वेलरी कैरी करें। लड़के काॅटन का रेड प्रिंटेड कुर्ता पहन सकते हैं। हाफ स्लीव या रोल-अप स्लीव्स के साथ कुर्ते लड़कों के बीच इन दिनों काफी पसंद किए जा रहे हैं। गर्मी है इसलिए पैंट्स के साथ सिल्क का शॉर्ट कुर्ता भी फैशन में है।

गणेश जी के प्रिय रंगों में से एक है पीला रंग। पूजा-पाठ में वैसे भी पीले रंग का बड़ा महत्व हैं। लड़कियां पीले रंग का सलवार सूट पहन सकती हैं। लेमन येलो रंग का चिकनकारी वाला सूट इस मौके पर जचेगा। अलग रंग का दुपट्टा या हल्के सलवार सूट पर आपके लहंगे की चुनरी को कैरी कर सकती हैं। मिक्स एंड मैच भी आपको अलग लुक देगा। बालों को खुला रख सकती हैं या खजूरी व फ्रेंच चोटी बना सकती है। सिल्वर झुमके, ड्राप इयररिंग्स, स्टाइलिश लटकन वाले झुमके आपके लुक से मैच करेंगे। लड़के सफेद कुर्ते पर स्टाइलिश पीले रंग की कोटी ट्राई कर सकते हैं। हल्के पीले कुर्ते पर मल्टी कलर कोटी भी फैशन में है। इस मौके पर अगर लड़के परंपरागत कुर्ता पजामा नहीं पहनना चाहते तो जींस के साथ येलो शर्ट या पोलो टी-शर्ट भी पहन सकते हैं।

वैसे अगर आपके वॉडरोब में लाल और पीले रंग के कपड़े न हों और आप के पास शॉपिंग का समय भी नहीं है तो भी फिक्र की बात नहीं। लड़के अपने किसी भी कुर्ते पर येलो और रेड दुपट्टे को नैक पर रोल कर सकते हैं। ट्रेडिशनल दिखने के लिए लड़को के पास ये भी एक ऑप्शन है। लड़कियां किसी भी हल्के सलवार सूट के साथ हैवी दुपट्टा ले सकती हैं। लड़कियां अपने हेयर स्टाइल में बदलाव करके अच्छी और कुछ अलग दिख सकती हैं।

Next Story