- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- पनीर पेपर फ्राई: काली...

x
Paneer Fry रेसिपी: अगर लंच में रोज-रोज एक जैसी पनीर की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, तो पनीर पेपर फ्राय एक स्वादिष्ट बदलाव हो सकता है। पनीर, प्याज, हरी मिर्च और खास काली मिर्च वाले मसाले से तैयार यह डिश चटपटी और मसालेदार होती है। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है। इसकी खासियत है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
सबसे पहले पेपर फ्राय मसाला तैयार करने के लिए 2 बड़े चम्मच साबुत काली मिर्च, 1 छोटा चम्मच जीरा और 1 छोटा चम्मच सौंफ लें।
मुख्य रेसिपी के लिए 300 ग्राम पनीर, 2 चम्मच तेल, एक मुट्ठी लहसुन, 3 प्याज, 2 बड़े चम्मच तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच सौंफ, करी पत्ता और अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट चाहिए। इसके अलावा हल्दी, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, 4 हरी मिर्च और एक मुट्ठी हरा धनिया रखें। स्वाद के अनुसार नमक और नींबू का रस भी इस्तेमाल करें।
सबसे पहले तैयार करें काली मिर्च का मसाला
पनीर पेपर फ्राय का स्वाद बढ़ाने के लिए सबसे पहले इसका खास मसाला तैयार करें। इसके लिए पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और उसमें साबुत काली मिर्च, जीरा और सौंफ डालकर अच्छी तरह भून लें। मसालों से खुशबू आने लगे तो उन्हें निकालकर ठंडा करें और बारीक पीसकर पाउडर बना लें।
पनीर को दें हल्का सुनहरा रंग
अब पनीर को मोटे टुकड़ों में काट लें। एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके पनीर के टुकड़ों को डालें और उन्हें सुनहरा होने तक पकाएं। अच्छी तरह सिक जाने के बाद पनीर को निकाल लें और जरूरत के अनुसार छोटे टुकड़ों में काट लें।
प्याज और मसालों से तैयार करें ग्रेवी
अब दूसरे पैन में तेल गर्म करें। इसमें जीरा, सौंफ, करी पत्ता और थोड़ा कटा हुआ लहसुन डालकर भूनें। इसके बाद साबुत लहसुन की कलियां, कटा हुआ प्याज और एक चुटकी नमक डालें। तेज आंच पर लगातार चलाते हुए प्याज को हल्का सुनहरा-भूरा होने तक पकाएं।
जब प्याज का रंग बदल जाए, तब अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट डालें और कुछ देर भूनें। इसके बाद हल्दी, गरम मसाला और तैयार किया हुआ पेपर फ्राय मसाला डालें। थोड़ा पानी मिलाकर मसालों को अच्छी तरह पकाएं। जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तो समझें कि बेस तैयार है।
पनीर को मसाले में करें अच्छी तरह कोट
अब तैयार मसाले में पनीर के टुकड़े डालें। साथ ही बीच से कटी हुई हरी मिर्च, नींबू का रस और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी चीजों को धीरे-धीरे चलाएं, ताकि पनीर टूटे नहीं और मसाला हर टुकड़े पर अच्छी तरह चिपक जाए।
अंत में बारीक कटा ताजा धनिया डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। गरमा-गरम पनीर पेपर फ्राय तैयार है। इसे पराठे, रोटी या चावल के साथ लंच में परोसा जा सकता है। काली मिर्च और हरी मिर्च का मसालेदार स्वाद इस डिश को सामान्य पनीर सब्जी से अलग बनाता है।
Next Story





