लाइफ स्टाइल

हरतालिका तीज पर मां पार्वती को चढ़ाएं पेडुकिया का प्रसाद

Subhi
30 Aug 2022 3:52 AM GMT
हरतालिका तीज पर मां पार्वती को चढ़ाएं पेडुकिया का प्रसाद
x

हरतालिका तीज का व्रत सुहागिन महिलाएं पति की लंबी और खुशहाल उम्र के लिए करती हैं। इस दिन महिलाएं बिना अन्न-जल ग्रहण किए पूरे 24 घंटे का व्रत रखती हैं और अगले दिन पूजा करने के बाद माता पार्वती को लगाए गए प्रसाद से अपना व्रत तोड़ती हैं। माता पार्वती और भगवान शिव को तीज पर अलग-अलग मिठाइयों और फलों का भोग लगाया जाता है लेकिन मनचाहे फल की प्राप्ति के लिए उन्हें पेडुकिया जिसे गुजिया के नाम से भी जाना जाता है, उसे जरूर प्रसाद में चढ़ाएं। बिहार और यूपी में तो इस तीज के अवसर पर इसी का भोग लगाया जाता है। अगले दिन महिलाएं पेडुकिया/गुजिया खाकर ही पारन भी करती हैं। इसके बनाना बेहद आसान है, तो आइए जानते हैं इसकी क्विक रेसिपी।

पेड़ुकिया/गुजिया बनाने की सामग्री

मैदा- 2 कप, घी-आधा कप, सूजी-3/4 कप, पिसी चीनी-3/4 कप, ड्राई फ्रूट्स-1 कप, छोटी इलाइची-आधी चम्मच

हरतालिका तीज पेडुकिया/गुजिया प्रसाद बनाने का तरीका

मैदा को छान लें जिससे वो पूरी तरह से साफ हो जाएं। अब इसमें घी डालकर सूखे हाथों से ही अच्छी तरह मल लें। इसके बाद धीरे-धीरे पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। गीले कपड़े से ढक कर छोड़ दें।

स्टफिंग तैयार करने के लिए कढ़ाई में थोड़ा सा घी डालें। इसे गर्म होने दें। इसमें सूजी डालकर धीमी आंच पर तब तक भूने जब तक कि ये सुनहरा ना हो जाए। इसके बाद कटे हुए ड्राइफ्रूट्स डालें और भूनें। इसके बाद इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालें। स्टफिंग में इच्छानुसार मावा भी डाल सकती हैं। सारी चीज़ों को अच्छी तरह मिलाएं और थोड़ा ठंडा होने दें।

मैदे की छोटी-छोटी लोई बना लें। इसे बेल लें। इसके बाद इसमें सूजी-मावा वाली स्टफिंग भरें। हाथों की मदद से या फिर गुजिया सांचे की मदद से शेप दें। कड़ाही में घी या तेल गर्म होने के लिए रख दें। इसके बाद इसमें पेडुकिया डालकर धीमी आंच पर तलते जाएं। तेज आंच पर न तलें वरना अंदर से कच्चा रह जाएगा।

तैयार है हरतालिका तीज का प्रसाद।


Next Story