लाइफ स्टाइल

Rath Yatra, पर बनाएं भगवान जगन्नाथ के पसंदीदा मालपुए, ये है सीक्रेट रेसिपी

Ratna Netam
15 July 2026 10:02 PM IST
Rath Yatra, पर बनाएं भगवान जगन्नाथ के पसंदीदा मालपुए, ये है सीक्रेट रेसिपी
x

New Delhi नई दिल्ली : भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा 16 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस शुभ अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर मौसी के घर गुंडिचा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं और भगवान के रथ को खींचकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

रथ यात्रा के इस पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ को विशेष भोग अर्पित किया जाता है। पुरी में ही नहीं, बल्कि देशभर के मंदिरों और घरों में भी भक्त भगवान के लिए तरह-तरह के पकवान तैयार करते हैं। इन्हीं पारंपरिक मिठाइयों में मालपुआ का विशेष महत्व माना जाता है। भगवान को भोग लगाने के लिए फूले-फूले और जालीदार मालपुए बनाए जा सकते हैं।

मालपुआ बनाने के लिए सामग्री

मालपुआ बनाने के लिए आधा कप दानेदार सूजी, एक कप मैदा, आधा कप चीनी, सूखा घिसा हुआ नारियल, आधा चम्मच सौंफ, गुनगुना दूध, एक चुटकी बेकिंग सोडा और स्वाद के अनुसार इलायची पाउडर की जरूरत होगी। इसके अलावा खुशबू और स्वाद बढ़ाने के लिए केसर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

ऐसे तैयार करें मालपुए का घोल

सबसे पहले एक बर्तन में अच्छी गुणवत्ता वाली दानेदार सूजी लें। इसमें एक कप मैदा मिलाएं। इसके बाद सूजी के बराबर मात्रा में चीनी डालें। अगर ज्यादा मिठास पसंद है तो चीनी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।

अब इसमें सूखा घिसा हुआ नारियल, सौंफ और आधा चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गुनगुने दूध में केसर के कुछ रेशे डालकर थोड़ी देर के लिए भिगो दें। जब केसर दूध में अच्छी तरह घुल जाए तो इसे सूजी और मैदे के मिश्रण में डालें।

अब जरूरत के अनुसार गुनगुना दूध डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा। मालपुए को फूला हुआ और जालीदार बनाने के लिए घोल में सबसे आखिर में एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाएं।

घोल तैयार होने के बाद इसे ढककर करीब एक घंटे के लिए रख दें। इससे सूजी अच्छी तरह फूल जाएगी और मालपुए का स्वाद बेहतर आएगा।

मालपुए तलने का तरीका

एक घंटे बाद कड़ाही में देसी घी या मूंगफली का तेल गर्म करें। अब करछी की मदद से तैयार घोल को गर्म तेल या घी में डालें। धीमी से मध्यम आंच पर मालपुए को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें।

तैयार मालपुओं को बाहर निकालकर अतिरिक्त तेल या घी निकालने के लिए प्लेट में रखें। चाहें तो इन्हें चाशनी में डुबोकर भी परोसा जा सकता है। भगवान जगन्नाथ को भोग लगाने के लिए बिना प्याज-लहसुन और शुद्ध सामग्री से तैयार किए गए ये मालपुए विशेष रूप से शुभ माने जाते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान जगन्नाथ को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग प्रिय है। रथ यात्रा के दौरान भक्त श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान को भोग अर्पित करते हैं। ऐसे में घर पर बनाए गए शुद्ध और स्वादिष्ट मालपुए इस पावन अवसर को और भी खास बना सकते हैं।

Next Story