लाइफ स्टाइल

मॉनसून में बनाएं गरमा-गरम इडली पकौड़े, आसान रेसिपी

Ashish verma
12 July 2026 8:06 PM IST
मॉनसून में बनाएं गरमा-गरम इडली पकौड़े, आसान रेसिपी
x

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बारिश का मौसम आते ही चाय के साथ कुछ गरमा-गरम और स्वादिष्ट खाने का मन करता है। ऐसे में पकौड़े सबसे पसंदीदा स्नैक्स में शामिल होते हैं। अगर घर में बची हुई इडली रखी है और उसे दोबारा खाने का मन नहीं कर रहा, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है। बची हुई इडली से स्वादिष्ट और कुरकुरे पकौड़े तैयार किए जा सकते हैं, जो मानसून के मौसम में चाय का स्वाद और बढ़ा देंगे।

साउथ इंडियन डिशेज में इडली और डोसा सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में से हैं। अब यह सिर्फ दक्षिण भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देशभर के घरों में नाश्ते के रूप में पसंद किए जाते हैं। इडली हल्की और सादी होती है, इसलिए इसमें आसानी से अलग-अलग स्वाद का ट्विस्ट दिया जा सकता है। इसी वजह से बची हुई इडली से पकौड़े बनाना एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प है।

लेफ्टओवर इडली पकौड़े बनाने के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए 5 से 6 बची हुई इडली, 5 बड़े चम्मच बेसन, 3 छोटे चम्मच चावल का आटा या मैदा, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर, 3 से 4 बारीक कटी हरी मिर्च, एक चुटकी हींग, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल की जरूरत होगी।

ऐसे बनाएं इडली के कुरकुरे पकौड़े

सबसे पहले बची हुई इडली को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आप अपनी पसंद के अनुसार इडली को चार हिस्सों में काट सकते हैं या इससे भी छोटे टुकड़े कर सकते हैं।

इसके बाद एक बड़े कटोरे में बेसन, चावल का आटा या मैदा डालें और इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा, ताकि पकौड़े अंदर से नरम और बाहर से कुरकुरे बनें।

अब इस घोल में नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, हरी मिर्च और हींग डालकर अच्छी तरह मिला लें। दूसरी ओर कड़ाही में तेल गर्म होने के लिए रख दें।

अब इडली के टुकड़ों को तैयार बेसन के घोल में अच्छी तरह लपेट लें और गर्म तेल में डालकर डीप फ्राई करें। पकौड़ों को तब तक तलें, जब तक उनका रंग सुनहरा और बनावट कुरकुरी न हो जाए। ध्यान रखें कि पकौड़ों को मध्यम से तेज आंच पर जल्दी-जल्दी तलें, ताकि वे ज्यादा तेल न सोखें और क्रिस्पी बनें।

बनाएं स्टफ्ड इडली पकौड़ा

अगर आप सामान्य इडली पकौड़ों से कुछ अलग स्वाद चाहते हैं तो इसमें स्टफिंग का ट्विस्ट भी जोड़ सकते हैं। इसके लिए इडली के साथ बेसन, चावल का आटा, मसाले और नमक के अलावा घिसा हुआ पनीर या मैश किए हुए आलू का इस्तेमाल किया जा सकता है।

स्टफ्ड इडली पकौड़ा बनाने के लिए बेसन का घोल तैयार करें और उसमें पनीर या मैश किए हुए आलू को मिला दें। इसके बाद इडली के टुकड़ों को इस मिश्रण में लपेटकर गर्म तेल में तल लें। सुनहरे और कुरकुरे होने के बाद इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है।

बची हुई इडली से बनने वाली यह रेसिपी न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि खाने की बर्बादी को भी कम करती है। मानसून के मौसम में परिवार और दोस्तों के साथ चाय की चुस्कियों के बीच ये पकौड़े एक बेहतरीन स्नैक साबित हो सकते हैं।

Next Story