लाइफ स्टाइल

ब्रेकफास्ट में बनाएं चीनी का पराठा, जानें विधि

Tulsi Rao
7 July 2022 6:48 AM GMT
ब्रेकफास्ट में बनाएं चीनी का पराठा, जानें विधि
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कई बार कुछ मीठा खाने का मन होता है लेकिन घर पर जरूरी नहीं है कि हर वक्त स्वीट डिश मौजूद रहे। ऐसे में आप अपनी क्रेविंग शांत करने के लिए फटाफट चीनी का पराठा बना सकते हैं। जिन लोगों ने कभी चीनी का पराठा नहीं खाया, उन्हें सुनकर अजीब जरूर लग सकता है लेकिन इसका स्वाद लाजवाब होता है। इसमें चीनी पराठे के अंदर घुलकर चाशनी जैसी हो जाती है। बच्चों को ही नहीं बड़ों को भी इसका स्वाद काफी भाता है। यहां आप इस पराठे की झटपट रेसिपी सीख सकते हैं।

ऐसे बनाएं चीनी का पराठा
चीनी का पराठा बनाने के लिए चुटकीभर नमक, घी और थोड़ी सी शक्कर मिलाकर आटा गूंथ लें। इस आटे को कुछ देर के लिए रख दीजिए। अब गैस पर तवा चढ़ाइए। अब आटे की लोई लेकर इसको थोड़ा बेल लीजिए। इसमें घी लगाकर ऊपर से 1 से डेढ़ चम्मच चीनी इसमें फैला लीजिए। अब इसकी गोल लोई बनाकर चारों तरफ से अच्छी तरह से दबा लीजिए। इस लोई को हल्के हाथ से बेल लीजिए। ध्यान रखें, इसे हल्के हाथ से बेलें ताकि पराठा फटे नहीं। पराठे को ज्यादा ताकत लगाकर न बेलें। अब गैस पर पराठा डालकर आंच मीडियम कर लीजिए। पराठे पर चित्तियां दिखने लगें तो इस पर अपनी मर्जी के हिसाब से घी, रिफाइंड या तेल लगाकर सेक लें। ये पराठा आप बच्चों को ब्रेकफास्ट में दे सकती हैं। डिनर के बाद अगर जिनको मीठा खाने का मन करता है, वे भी इस मजेदार ऑप्शन को ट्राई कर सकते हैं।
Next Story