लाइफ स्टाइल

घर पर बनाएं बिहारी दाल पीठा, जानें सबसे आसान और स्वादिष्ट रेसिपी

nidhi
5 July 2026 3:47 PM IST
घर पर बनाएं बिहारी दाल पीठा, जानें सबसे आसान और स्वादिष्ट रेसिपी
x
बिहारी स्टाइल दाल पीठा बनाने की आसान विधि
Dal Pitha Recipe: बिहार अपने स्वादिष्ट खाने के लिए पूरे देश में मशहूर है. लिट्टी-चोखा के अलावा यहां की एक और पारंपरिक डिश दाल पीठा भी लोगों को खूब पसंद आती है. यह चावल के आटे और चना दाल से बनाई जाती है. इसे तेल में फ्राई नहीं किया जाता, बल्कि स्टीम करके तैयार किया जाता है. इसलिए यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी होती है. अगर आपने कभी दाल पीठा नहीं बनाया है, तो इस आसान रेसिपी को फॉलो करके घर पर आसानी से बना सकते हैं.
दाल पीठा बनाने के लिए सामग्री
2 कप चावल का आटा
2½ कप पानी
1 छोटा चम्मच नमक
1 कप भीगी हुई चना दाल
3-4 हरी मिर्च
5-6 लहसुन की कलियां
1 इंच अदरक
½ छोटा चम्मच हल्दी
½ छोटा चम्मच जीरा पाउडर
स्वादानुसार नमक
थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया
दाल पीठा बनाने की रेसिपी
सबसे पहले भीगी हुई चना दाल का पानी निकाल लें. अब मिक्सर में चना दाल, हरी मिर्च, लहसुन और अदरक डालकर बिना पानी के थोड़ा दरदरा पीस लें. इसमें हल्दी, जीरा पाउडर, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला दें. स्टफिंग तैयार है.
अब एक बर्तन में पानी और थोड़ा नमक डालकर उबालें. जब पानी उबलने लगे, तो धीरे-धीरे चावल का आटा डालें और लगातार चलाते रहें. गैस बंद करके इसे 5 मिनट ढककर रख दें. हल्का ठंडा होने पर इसे हाथ से अच्छी तरह गूंथ लें.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. उन्हें हथेली से दबाकर छोटी कटोरी जैसा आकार दें. बीच में एक चम्मच दाल की स्टफिंग रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें. आप इसे गुझिया जैसा आकार भी दे सकते हैं.
अब स्टीमर में पानी गर्म करें. स्टीमर की जाली पर हल्का तेल लगाएं और सभी पीठा रख दें. इन्हें 12 से 15 मिनट तक स्टीम करें.
जब पीठा पक जाए, तो इसे गर्मागर्म हरी चटनी, धनिया की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें. घर में सभी लोग इसका स्वाद जरूर पसंद करेंगे.
Next Story