लाइफ स्टाइल

जानें कैसे बनाएं फूलगोभी पनीर के पराठे

Tara Tandi
10 March 2022 6:13 AM GMT
जानें कैसे बनाएं फूलगोभी पनीर के पराठे
x
पराठा एक ऐसी पारंपरकि डिश है जिसे सुबह के नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक में शामिल किया जा सकता है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पराठा एक ऐसी पारंपरकि डिश है जिसे सुबह के नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक में शामिल किया जा सकता है। स्टफ्ड पराठे की बहुत सारी वैराइटी है। जिसमें आलू से लेकर मूली, गोभी और पनीर शामिल है। तो आज हम लेकर आए हैं पनीर और फूलगोभी के पराठे की रेसिपी। जिसे बनाना आसान भी है और ये काफी जल्दी बनकर तैयार हो जाता है। तो चलिए जानें क्या है फूलगोभी और पनीर के पराठे को बनाने की रेसिपी।

फूलगोभी पनीर के पराठे के लिए सामग्री
मैदा डेढ़ कप, गेंहू का आटा डेढ़ कप, पनीर कद्दूकस किया हुआ, बेसन एक चम्मच, एक प्याज, एक टमाटर, फूलगोभी कद्दूकस किया हुआ, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, लहसुन की कलियां, अदरक का टुकड़ा, कसूरी मेथी, जीरा, हरी धनिया, तेल, नमक स्वादानुसार।
फूलगोभी पनीर के पराठे की विधि
पराठे बनाने के लिए सबसे पहले स्टफिंग बनाकर तैयार कर लें। इसके लिए चाहिए फूलगोभी इसे बारीक कद्दूकस कर लें। साथ में पनीर, अदरक को भी कद्दूकस कर लें। अब प्याज, टमाटर और लहसुन को बारीक काट लें। एक कड़ाही में तेल गर्म कर जीरा चटकाएं। जीरा के चटकने के बाद प्याज डालें। दो मिनट तक पकाएं और इसे सुनहरा होने दें। जब ये प्याज सुनहरा हो जाए तो टमाटर डालकर पका लें। धीमी आंच पर फूलगोभी डालें और भूनें।
साथ में पनीर डालकर मिलाएं। अब इस मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, कसूरी मेथी और नमक, बेसन डालकर भूनें। धीमी आंच पर भूनने के बाद हरी धनिया बारीक काटकर डाल दें। गैस को बंद कर दें और भरावन को ठंडा होने के लिए किसी बर्तन में निकालकर रख दें। पराठे बनाने के लिए गेंहू के आटे और मैदा को मिलाकर इसमे अजवाइन, नमक और दो चम्मच तेल डालें। अब नर्म आटा गूंथ लें। लोई बनाकर इसमे भरावन को भरें और अच्छे से बंद कर दें।
बेल लें और नॉनस्टिक तवे पर धीमी आंच पर तेल लगाकर सेंक लें। तैयार हैं फूलगोभी और पनीर के पराठे। इन्हें रायते या चटनी के साथ सर्व करें।
Next Story