मनोरंजन

शूटर दादी के निधन से टूटीं भूमि पेडनेकर ने कहा- एक हिस्सा चला गया

Tara Tandi
30 April 2021 11:57 AM GMT
शूटर दादी के निधन से टूटीं भूमि पेडनेकर ने कहा- एक हिस्सा चला गया
x
कोरोना वायरस की दूसरी लहर लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क|कोरोना वायरस की दूसरी लहर लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। अब बागपत की मशहूर निशानेबाज़ दादी चंद्रो तोमर कोरोना वायरस का शिकार होकर दुनिया को अलविदा कह गयीं। दादी के निधन से बॉलीवुड में भी शोक की लहर दौड़ गयी है। ख़ासकर, बायोपिक सांड की आंख में चंद्रो तोमर का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर इस ख़बर से टूट गयी हैं। चंद्रो तोमर को कोरोना की रिपोर्ट पॉज़िटिव आने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्होंने आंखिरी सांस ली।

भूमि ने चंद्रो दादी के साथ अपनी कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करके लिखा- चंद्रो दादी। चंद्रो तोमर उर्फ शूटर दादी चंद्रो के निधन की ख़बरे से बेहद दुखी हूं। वाकई ऐसा लगता है कि मेरा एक हिस्सा चला गया। परिवार का एक हिस्सा चला गया। उन्होंने बेहद शानदार ज़िंदगी जी है और कई ज़िंदगी को प्रभावित किया। पितृसत्ता पर सवाल किये और उम्र की हर कड़ी को तोड़ दिया। उनकी विरासत उन सभी लड़कियों में जीवित रहेगी, जिन्होंने उन्हें आदर्श के रूप में देखा। मैं ख़ुशक़िस्मत हूं कि उन्हें पर्दे पर निभाने का मौक़ा मिला। इस प्रक्रिया में उनसे जीवन और औरत होने के बारे में मैंने बहुत कुछ सीखा। ऐसा लगने लगा, जैसे वो मैं ही हूं। साहस, दया, विनम्रता और मुस्कुराहट के साथ उन्होंने ज़िंदगी जी। शानदार पिस्टल शूटर और टीचर। प्रखर वक्ता। उनकी बहुत याद आएगी। उनके परिवार और शुभचिंतकों को मेरी संवेदनाएं।

वहीं, इस फ़िल्म में प्रकाशी तोमर का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने दादी चंद्रो तोमर के साथ फोटो शेयर करके लिखा- आप हमेशा एक प्रेरणा रहेंगी। जिन लड़कियों को आपने जीने की आस दी है, उनमें आप हमेशा ज़िंदा रहेंगी। मेरी सबसे क्यूट रॉकस्टार ईश्वर आपको शांति दे।
For the inspiration you will always be...
You will live on forever in all the girls you gave hope to live. My cutest rockstar May the ✌🏼 and peace be with you ❤️ pic.twitter.com/4823i5jyeP
— taapsee pannu (@taapsee) April 30, 2021
सांड की आंख, 2019 में रिलीज़ हुई थी। तुषार हीरानंदानी ने इसका निर्देशन किया था। फ़िल्म में दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर के चैम्पियन निशानेबाज़ बनने के सफ़र को दिखाया गया था। दोनों ने कई सामाजिक बाधाओं को चुनौती देते हुए निशानेबाज़ी की दुनिया में कई कीर्तिमान बनाये थे और लाखों लड़कियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनीं। फ़िल्म में प्रकाश झा और विनीत कुमार सिंह ने भी अहम रोल निभाये थे। फ़िल्म का सह निर्माण अनुराग कश्यप ने किया था। दादी चंद्रो तोमर ट्विटर पर काफ़ी सक्रिय थीं और अपने ख़ास अंदाज़ में ट्वीट करती रहती थीं।
म्हारी दादी चंद्रो गयी ।। 🙏🏽
मिलना था गाम मैं ।। गाम मैं नई शूटिंग रेंज का उद्घाटन करना था ।। बात फोड़नी थी ।। #COVID19 के कारण प्रोग्राम आगे हो गया ।। अब तो सिर्फ़ यादगार ही रह जाएगी 😢#ShooterDadi pic.twitter.com/48kvd4Q8GG
— Randeep Hooda (@RandeepHooda) April 30, 2021
रणदीप हुड्डा भी चंद्रो तोमर के काफ़ी क़रीब थे और अक्सर उनसे ट्विटर पर संवाद करते थे। रणदीप ने दादी के साथ एक फोटो शेयर करके श्रद्धांजलि देते हुए उन्हीं के अंदाज़ में लिखा- मेरी दादी चंद्रो चली गयीं। उनसे गांव में मिलना था। गांव में नई शूटिंग रेंज का उद्घाटन करना था। बात करनी थी। कोविड-19 के कारण कार्यक्रम खिसक गया। अब तो सिर्फ़ यादगार ही रह जाएगी।


Next Story