लाइफ स्टाइल

जानिए क्यों किया जाता है व्हीटग्रास का इस्तेमाल?

Tara Tandi
4 Oct 2022 2:11 PM GMT
जानिए क्यों किया जाता है व्हीटग्रास का इस्तेमाल?
x

हेल्दी रहने के लिए लोग अलग-अलग फलों और सब्जियों के जूस का सेवन करते हैं। पर कुछ ऐसे सुपरफूड हैं जिनके बारे में लोग बहुत कम जानते हैं। ऐसा ही एक नजरंदाज किया जाने वाला सुपरफूड है व्हीटग्रास जूस (Wheatgrass juice benefits) या गेहूं के ज्वारे का जूस। ये न केवल आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर वेट लॉस में तेजी लाता है, बल्कि आपके एजिंग पेरेंट्स को जोड़ों के दर्द से भी निजात दिला सकता है। एक्सपर्ट बता रहे हैं इसके और भी फायदे।

क्या है यह असल में व्हीटग्रास जूस (Wheatgrass juice)
व्हीटग्रास ताजे अंकुरित गेहूं के पौधे की पहली पत्तियां होती हैं। इनका प्रयोग आंतों में सूजन, शुगर हाई कोलेस्ट्रॉल और कई अन्य बीमारियों में किया जाता है। आयरन, कैल्शियम, एंजाइम, मैग्नीशियम, फाइटोन्यूट्रिएंट्स, एमिनो एसिड, विटामिन ए, सी, ई, के, और बी कॉम्प्लेक्स, प्रोटीन से भरपूर व्हीटग्रास को पाउडर की तरह प्रयोग कर सकते हैं। आयुर्वेद में व्हीटग्रास का कितना महत्व है जानते हैं डॉ संजीव कुमार सिंह, सिंह पॉलीक्लिनिक, लखीमपुर खीरी से।
क्यों किया जाता है व्हीटग्रास का इस्तेमाल?
डॉ. सिंह कहते हैं कि व्हीटग्रास जूस को सुपरफूड कहा जा सकता है। यह गेहूं का रस है, क्योंकि इसे गेहूं के हरे पौधों से तैयार किया जाता है। इस जूस का सेवन कमजोरी दूर करता है, क्योंकि इसमें विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं।
1 बॉडी करे डिटॉक्स
व्हीटग्रास में पाया जाने वाला क्लोरोफिल बॉडी को डिटॉक्स करता है और लिवर फंक्शन को मैनेज करता है। एक बार शरीर साफ हो जाता है तो एनर्जी बूस्ट होती है और व्यक्ति स्वस्थ रहता है। बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए कई तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन व्हीटग्रास का विक्लप सबसे अच्छा है।
2 डाइजेशन रखे दुरुस्त
इसमें मौजूद विटामिन-बी, 17 एमीनो एसिड और एंजाइम्स खाना पचाने में मदद करते हैं। रोजाना सेवन करने से ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है।
3 जोड़ों के दर्द से राहत
सर्दियों में जॉइंट पेन की समस्या अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में व्हीटग्रास जूस हर प्रकार के दर्द और जोड़ों में सूजन को दूर करता है।
3 हाई कोलेस्ट्रॉल
व्हीटग्रास में हाइपोलिपिडेमिक प्रभाव होता है, जो कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम कर सकता है। इससे हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकती है। 10 सप्ताह तक रोजाना व्हीटग्रास पाउडर लेने से कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड कोलेस्ट्रॉल के लेवल में कमी आती है।
4 मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है
व्हीटग्रास मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने का कार्य भी करता है जिससे वजन कंट्रोल होता है। लो कैलोरी वाले व्हीटग्रास जूस का सेवन करने से पेट भरे होने का एहसास देर तक रहता है इसलिए कुछ खाने की क्रेविंग नहीं होती। वजन कम होने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल मेंटेन रहता है जिससे हार्ट डिजीज का खतरा भी काफी कम हो जाता है।
5 इम्यून सिस्टम को बनाता है मजबूत
व्हीटग्रास इंफेक्शन और बीमारियों को दूर करने में सहायता करता है। जब इम्यून सिस्टम बेहतर तरीके से कार्य करता है, तो व्यक्ति को बेहतर महसूस होता है। स्ट्रांग इम्यून सिस्टम के कारण बीमारी जल्द ठीक होती है। व्हीटग्रास का सेवन करते हैं तो इसके बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। एनर्जी लेवल बढ़ेगा। बॉडी से टॉक्सिन बाहर निकलने पर ताजगी का एहसास होगा और आप तरो-ताजा महसूस करेंगे।
6 ब्लड प्रेशर करता है नॉर्मल
गेंहू के ज्वारे का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर के मरीज को राहत मिलती है। व्हीटग्रास का सेवन करने से ब्लड प्रेशर में कमी आती है। इसमें मौजूद क्लोरोफिल मॉलिक्यूल हीमोग्लोबिन के समान होता है और ब्लड सेल काउंट को बढ़ाने का कार्य करता है। इस वजह से ब्लड प्रेशर संतुलित होता है। यह ब्लड प्रेशर कम करने के साथ ही ब्लड को प्यूरीफाई करने का कार्य भी करता है।
7 खून की कमी दूर करे
एनीमिया से बचाव में व्हीटग्रास जूस लाभकारी है। इसमें मौजूद मिनरल, विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट, अमीनो एसिड समेत कई एंजाइम खून की कमी दूर करने में लाभकारी हैं। व्हीटग्रास को ग्रीन ब्लड भी कहा जाता है। 21 दिनों तक ताजा व्हीटग्रास जूस पीने से हीमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे में एनीमिया की परेशानी से जूझ रहे लोग व्हीटग्रास का सेवन कर सकते हैं।
8 सूजन करे दूर
सूजन कम करने के तरीकों में से एक व्हीटग्रास जूस भी है। व्हीटग्रास में एंटी इंफ्लेमेटरी प्रभाव होता है, जिससे सूजन कम होती है। इससे जोड़ों से संबंधित सूजन और दर्द दोनों को कम किया जा सकता है। यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने से होने वाली सूजन को कम करने के लिए भी व्हीटग्रास जूस का इस्तेमाल किया जाता है।
9 एलर्जी से निजात दिलाता है
एलर्जी को कम करने के लिए व्हीटग्रास जूस को लाभकारी माना जाता है। व्हीटग्रास जूस से एलर्जिक राइनाइटिस के प्रभाव को कम किया जा सकता है। इसमें व्हीटग्रास में मौजूद क्लोरोफिल को फायदेमंद माना जाता है।
10 बालों को समय से पहले सफेद होने से बचाए
व्हीटग्रास का इस्तेमाल बालों के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद प्रोटीन शरीर में जाकर अमीनो एसिड के रूप में टूटता है। ये अमीनो एसिड बालों को स्वस्थ बनाए रखने में सहायता करता है। इसमें जिंक भी होता है, जो बालों को पोषण देता है। व्हीटग्रास जूस बालों को सफेद होने से भी बचाता है।
कैसे बनाएं व्हीटग्रास जूस
एक गिलास पानी में दो चम्मच व्हीटग्रास पाउडर और एक चम्मच नींबू का रस मिक्स करें।
अब इन तीनों को मिक्सर में अच्छी तरह ब्लेंड करके छान लें और इसका सेवन करें।
यह भी रखें ध्यान
व्हीटग्रास जूस हमेशा ताजा ही पीना चाहिए।
शुरुआत में इस जूस को कम मात्रा में लें और धीरे-धीरे इसकी मात्र को बढ़ाएं।
व्हीटग्रास जूस से एलर्जी होने पर इसका सेवन बंद कर दें।
जानिए कैसे करना है व्हीटग्रास जूस का सेवन
व्हीटग्रास जूस का सेवन ऐसे ही सामान्य रूप में किया जा सकता है।
अगर आपको इसका स्वाद पसंद नहीं आता, तो इसमें शहद मिलाकर पी सकते हैं।
व्हीटग्रास जूस को फ्रूट जूस के साथ मिक्स जूस बना कर भी सेवन किया जा सकता है।
इसे फेस पैक में मिक्स करके त्वचा पर भी लगा सकते हैं।
गेहूं के ज्वारे के जूस को सुबह खाली पेट पीना सबसे अच्छा माना जाता है।

न्यूज़ सोर्स: healthshots

Next Story