लाइफ स्टाइल

जानिए इस मौसम में किन पेय पदार्थों का सेवन करना आपकी सेहत के लिए होगा लाभकारी

Tara Tandi
28 March 2022 4:08 AM GMT
जानिए इस मौसम में किन पेय पदार्थों का सेवन करना आपकी सेहत के लिए होगा लाभकारी
x

जानिए इस मौसम में किन पेय पदार्थों का सेवन करना आपकी सेहत के लिए होगा लाभकारी

मार्च का महीना खत्म होते-होते देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। इस मौसम में खान-पान और शरीर के हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मार्च का महीना खत्म होते-होते देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। इस मौसम में खान-पान और शरीर के हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है, इसमें होने वाली थोड़ी सी भी चूक आपको बीमार कर सकती है। दिन में चलने वाले लू के थपेड़े और तेज धूप आपके शरीर से पानी और ऊर्जा दोनों को कम कर देती हैं, ऐसे में आपको शरीर के विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। दिन में कम से कम 3-4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए, क्योंकि गर्मियों में होने वाली ज्यादातर बीमारियों में शरीर के निर्जलीकरण की समस्या को सामान्य देखा गया है। इस मौसम में कई ऐसे फल बहुतायत में उपलब्ध होते हैं जो शरीर को पर्याप्त मात्रा में हाइड्रेटेड रखने के साथ आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति कर सकते हैं।

गर्मियों के मौसम में कई तरह के पेय पदार्थों का सेवन करना आपकी सेहत को गजब का बूस्ट देने में सहायक हो सकता है। आहार में फलों और सब्जियों को सलाद या स्नैक्स में शामिल किया जा सकता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे हाइड्रेशन का स्तर बेहतर रहे। कैफीनयुक्त पेय पदार्थों और कोल्ड ड्रिंक्स की जगह फलों के जूस का सेवन अधिक करना चाहिए। आइए जानते हैं कि इस मौसम में किन पेय पदार्थों का सेवन करना आपकी सेहत के लिए विशेष लाभकारी हो सकता है?
नारियल पानी के लाभ
गर्मियों में रोजाना नारियल पानी पीना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। यह पेय शरीर को चमत्कारिक रूप से तरोताजा रखने में सहायक है। स्वादिष्ट नारियल पानी प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है जो शरीर को पोषण देने और हाइड्रेटेशन को बनाए रखने में मदद कर सकता है। नारियल पानी में कई प्रकार के आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं जो कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकते हैं।
पेट के लिए फायदेमंद है आम पन्ना
बाजार में फिलहाल आम मौजूद नहीं हैं हालांकि कुछ ही दिनों में कच्चे आम बहुतायत में उपलब्ध हो जाएंगें। कच्चे आम, पानी और मसालों से बना आम पन्ना एक स्वादिष्ट और हाइड्रेटिंग ड्रिंक है जो आपको गर्मी के साइड-इफेक्ट्स से बचाने के साथ ताजगी को बनाए रखने में काफी मदद कर सकता है। पाचन को बेहतर बनाए रखने में भी आम पन्ना का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद माना जाता है।
सत्तू के हैं कई फायदे
बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सत्तू काफी लोकप्रिय पेय है। भुने हुए चने को पीसकर सत्तू तैयार किया जाता है। सत्तू को पानी में घोलकर चीनी या नमक मिलाकर इसका पेय बनाया जाता है। सत्तू का पेय शरीर को ठंडा रखने और ताजगी देने में काफी फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा यह पेय प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है साथ ही आपको तृप्ति दिलाने में मदद करता है।
छाछ है बेहद पसंदीदा पेय
दूध से तैयार चीजों को शरीर के लिए कई तरह से बेहद फायदेमंद माना जाता है, छाछ ऐसा ही एक पेय है। दही और मसालों से तैयार यह बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक पेय प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है। यह पाचन को ठीक रखने के साथ शरीर को हाइड्रेटेड रखने और गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाने में आपके लिए सबसे फायदेमंद पेय हो सकता है। गर्मियों में रोजाना छाछ का सेवन करना लाभकारी हो सकता है।
Next Story