लाइफ स्टाइल

जानिए मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए उन्हें किस दिन किस चीज का भोग लगाना चाहिए

Tara Tandi
30 March 2022 3:34 AM GMT
जानिए मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए उन्हें किस दिन किस चीज का भोग लगाना चाहिए
x

जानिए मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए उन्हें किस दिन किस चीज का भोग लगाना चाहिए

आस्था और विश्वास से भरा नौ दिनों का पर्व चैत्र नवरात्रि इस साल 02 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल तक मनाया जाएगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। आस्था और विश्वास से भरा नौ दिनों का पर्व चैत्र नवरात्रि इस साल 02 अप्रैल से लेकर 11 अप्रैल तक मनाया जाएगा। नवरात्रि के इन नौ दिनों में देवी दुर्गा की पूजा का विशेष विधान है। मां को प्रसन्न करने के लिए कलश स्थापना के साथ दीप प्रज्ज्वलित करके मां के भक्त नौ दिन तक उपवास रखते हैं। यूं तो मां को जिस भी चीज का भोग प्रेम और सच्चे मन के साथ लगाया जाता है मां दुर्गा उसे ग्रहण कर लेती हैं। लेकिन नवरात्रि के नौ दिन मां के अलग-अलग स्वरूपों को उनकी पसंद का भोग लगाया जाता है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। कहा जाता है इस दिन मां को गाय के घी का भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से व्यक्ति के सारे रोगों और संकट दूर होते हैं। आइए जानते हैं मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए उन्हें किस दिन किस चीज का भोग लगाना चाहिए।

मां दुर्गा के नौ स्वरूप और उनके मनपसंद नौ भोग-
मां शैलपुत्री-
नवरात्रि के पहले दिन पर्वतराज हिमालय की पुत्री शैलपुत्री की पूजा की जाती है। कहा जाता है इस दिन मां को गाय के घी का भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से रोगों और हर संकट से मुक्ति मिलती है।
मां ब्रह्मचारिणी-
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। इस दिन मां के इस स्वरूप को शक्कर और पंचामृत का भोग लगाया जाता है। माना जाता है ऐसा करने से व्यक्ति को लंबी आयु का वरदान मिलता है।
मां चंद्रघंटा-
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को पूजा जाता है। इस दिन मां को दूध या मावे से बनी मिठाई का भोग लगाया जाता है। ऐसा करने से धन और वैभव की प्राप्ती होती है।
मां कूष्माण्डा-
चौथे दिन मां कूष्माण्डा की पूजा की जाती है। इस दिन मां को मालपुआ का भोग लगाना चाहिए और दान देना चाहिए। इससे सद्बुद्धी मिलती है।
मां स्कंदमाता-
नवरात्रि के पांचवे दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इस दिन मां को केले का नैवेद्य चढ़ाना बहुत उत्तम होता है। ये नौकरी-पेशे के लिए अच्छा होता है और शारीरिक कष्ट भी दूर होते हैं।
मां कात्यायनी-
छठे दिन मां कात्यायनी का दिन होता है, इस दिन मां को मीठा पान चढ़ाया जाता है, इससे सौंदर्य बढ़ता है।
मां कालरात्रि -
नवरात्रि का सातवां दिन मां कालरात्रि के रूप में पूजा जाता है। इस दिन मां को गुड़ या गुड़ से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।
महागौरी-
आठवें दिन महागौरी को पूजा जाता है। इस दिन मां को नारियल का भोग लगाया जाता है। कहा जाता है कि ऐसा करने से मन की सभी इच्छाएं पूरी होती हैं।
मां सिद्धिदात्री –
नवरात्रि के आखिरी अर्थात 9 वें दिन मां सिद्धिदात्री को चना और हलवा का भोग लगाया जाता है। इस दिन कन्या भोज कराने का भी विधान है।
Next Story