लाइफ स्टाइल

शादी के बाद लड़कियों के जीवन में क्या बदलाव आते हैं, जानिए

Tara Tandi
27 Nov 2021 10:54 AM GMT
शादी के बाद लड़कियों के जीवन में क्या बदलाव आते हैं, जानिए
x
शादी दो अलग-अलग विचारों, स्वभाव के लोगों के बीच का एक ऐसा रिश्ता है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।शादी दो अलग-अलग विचारों, स्वभाव के लोगों के बीच का एक ऐसा रिश्ता है,जो जुड़ने के बाद उन्हें दो अलग व्यक्तित्व होने के बावजूद एक बना देता है। एक लड़का और लड़की जब शादी के बंधन में बंधते हैं तो उनके जीवन में बड़ा बदलाव होता है, खासकर लड़कियों के जीवन में। भारतीय परिवारों में शादी होते ही लड़कियों को अपने परिवार, माता पिता का घर छोड़कर पति और सास-ससुर के साथ रहना होता है। उसके बाद कई तरह के बदलाव, चुनौतियों का सामना हर नवविवाहिता को करना पड़ता है। अगर वह इन बदलावों को अपने जीवन में ढाल लेती है या शादी के बाद आने वाली चुनौतियों का सामना कर लेती है तो उनका वैवाहिक जीवन सुखी हो सकता है। हालांकि इसके लिए लड़कियों को पहले से ही मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार रहना चाहिए। तैयारी के लिए जरूरी है, सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में पहले से जानकारी होना। तो चलिए जानते हैं कि शादी के बाद लड़कियों के जीवन में क्या बदलाव होते हैं, क्या क्या परेशानियां आ सकती हैं, और उनका हल क्या है?

बहु की जिम्मेदारी निभाना
एक लड़की जब शादी करके अपने पति के घर जाती है तो उसका रिश्ता केवल अपने जीवनसाथी से ही नहीं जुड़ता, बल्कि ससुराल वालों से भी जुड़ता है। लड़की की सास अपनी बहु से कुछ उम्मीदे रखती है। तो वहीं देवर और ननद की भी भाभी को लेकर कुछ इच्छाएं होती हैं। शुरू में आपको इन सब बातों को ध्यान रखना पड़ता है। आपको कुछ ऐसे काम भी करने पड़ सकते हैं जो आपकी पसंद के न हों। बहु के तौर पर आप पर कई जिम्मेदारी आ सकती हैं।
पति से सामंजस्य बिठाना
अगर आपकी अरेंज मैरिज हुई है तो आपको अपने पति के साथ रहने, उनके बर्ताव व तौर तरीकों को समझने में समय लगता है। हो सकता है कि आप दोनों का व्यक्तित्व और पसंद न पसंद न मिलता हो, लेकिन आपको उनसे तालमेल बैठाना होता है।
निजी जीवन का काम के साथ संतुलन बनाना
शादी के पहले तक आप अगर नौकरी करती हैं तो आपको उतना एडजस्ट करने की जरूरत नहीं पड़ती। आपकी मां घर परिवार को संभाल लेती हैं। लेकिन शादी के बाद आपको अपने काम के साथ निजी जीवन के साथ भी संतुलन बनाना पड़ता है। नौकरी के साथ घर -परिवार को संभालना, घर के काम काज और सास ससुर की देखभाल आदि सभी कुछ करना पड़ सकता है। इसके लिए आपको पहले से तय कर लेना चाहिए कि ये सारे काम आप कैसे करेंगी।
स्पेस न मिलना
शादी के बाद हो सकता है कि नवविवाहिता को अकेले रहने का मौका न मिले। उनका पर्सनल स्पेस कम हो जाता है। इर्द-गिर्द लोग होते हैं। अगर आप खुद के लिए कुछ समय निकालना चाहते हैं तो ये भी होना मुश्किल हो सकता है। आपको इस बात के लिए मानसिक तौर पर तैयार रहना चाहिए।
Next Story