लाइफ स्टाइल

जानिए कैसे बनाएं कच्‍चे केले के छिलके की चटनी

Tara Tandi
10 Oct 2022 4:39 PM IST
जानिए कैसे बनाएं कच्‍चे केले के छिलके की चटनी
x

ज्यादातर लोग कच्चे केले की सब्जी बनाने के लिए केले का इस्तेमाल करते हैं और उसके छिलके कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कच्‍चे केले के छिलके में केले से ज्‍यादा आयरन होता है जो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। ऐसे में केले का भरपूर फायदा उठाने के लिए आज के बाद जब भी कच्चा केला बाजार से खरीदकर लाएं तो उसके छिलके फेंके नहीं बल्कि इसकी टेस्टी चटनी बना लें। जी हां ये चटनी खाने में इतनी स्वादिष्ट होती है कि आप धनिया-पुदीना की चटनी तक खाना भूल जाएंगे। तो आइए बिना देर किए जानते हैं कैसे बनाई जाती है केले के छिलके की चटनी।

कच्‍चे केले के छिलके की चटनी बनाने के लिए सामग्री-
-कच्‍चे केले के छिलके- 6
-कसा हुआ नारियल- 1/2 कप
-खसखस का पेस्‍ट- 3 टेबल स्‍पून
-हरी मिर्च- 6
-कलौंजी- 1 टेबल स्‍पून
-सरसों का तेल- 2 टेबल स्‍पून
-नमक- स्वादानुसार
कच्‍चे केले के छिलके की चटनी बनाने का तरीका-
कच्‍चे केले के छिलके की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले कच्‍चे केले के छिलके लेकर उसमें एक चुटकी नमक डालकर तब तक उबालें जब तक यह थोड़ा नर्म न हो जाएं। लेकिन ऐसा करते समय इस बात का ध्यान रखें कि इसे ज्‍यादा नहीं उबालना है वरना इसका स्वाद बनने के बाद अच्छा नहीं होगा। उबालते समय पानी में सरसों की तेल की कुछ बूंदें भी डाल दें, ऐसा करने से बर्तन में दाग नहीं लगता है।
अब इन उबले हुए छिलको को ठंडा करके इसमें कटी हुई हरी मिर्च, कसा हुआ नारियल, खसखस का पेस्ट और एक चुटकी नमक डालकर मिक्सी में दो टेबल स्‍पून पानी के साथ ब्लेंड कर लें। अब इस पेस्ट को एक कटोरी में निकालकर हाथों से मसल लें। एक पैन में चटनी का तड़का तैयार करने के लिए कलौंजी डालें और इसमें बनी हुई चटनी को डालकर अच्‍छे से मिला लें। अगर आपको चटनी में तड़का नहीं लगाना है तो आप इस चटनी के ऊपर एक टेबल स्‍पून सरसों का तेल डालकर अच्‍छे से मिला लें। आपकी केले के छिलके से बनी चटनी बनकर तैयार है।

न्यूज़ क्रेडिट: navyugsandesh

Next Story