- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- कांजी वडा रखेगा हाजमा...
लाइफ स्टाइल
कांजी वडा रखेगा हाजमा दुरुस्त, जानिए बनाने का तरीका
Shubhra Nandy
30 March 2021 10:59 AM IST

x
आज होली है. होली के त्योहार पर कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं
जनता से रिश्ता वेबडेस्क | आज होली है. होली के त्योहार पर कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं. होली पर कई बार ऐसा होता है कि गरिष्ठ मसालों और मेवे से बने पकवान खाकर लोगों को अपच की समस्या और पेट से जुड़ी कई समस्याएं हो जाती हैं. तो ऐसे में क्यों न होली पर इस बार आप ऐसा पकवान बनाएं जो कि स्वादिष्ट और चटपटा तो ही साथ ही आपके हाजमे को भी दुरुस्त रखे. कांजी वडा हाजमे के लिहाज से काफी बेहतर है. आइए आज सीखते हैं कांजी वडा बनाने का तरीका...
कांजी वडा बनाने के लिए सामग्री:
कांजी के लिए:
पानी: 2 लीटर
राई: 4 टेबल स्पून (बारीक पिसी हुई)
हल्दी: 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर:1 छोटी चम्मच
हींग: ½ चुटकी
सरसों का तेल: 2 छोटी चम्मच
नमक: स्वादानुसार
वडे बनाने के लिए:
मूंग की दाल- 1 कप (भीगी हुई)
नमक- स्वादानुसार
हींग- ½ चुटकी
तेल- तलने के लिए
कांजी वडा बनाने के तरीका:
कांजी बनाने के लिए:
कांच के बर्तन को अच्छे से धोकर धूप में सुखा लें. इसके बाद इसमें पहले से पिसी राई, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और सरसों का तेल डाल दें. इसके साथ ही इसमें पानी भी डालें. अब चमचे से इन मसालों को 5 मिनट तक मिला लें. बाकी बचे पानी को भी इसमें डालकर मिला लें. कांच के डिब्बे को बंद कर दें. इसे किसी गर्म तापमान वाली जगह पर रख दें और रोज चमचे से चला दें. 3 से 4 दिन में कांजी खट्टी हो जाएगी.
वडे ऐसे बनेंगे:
कांजी वडा बनाने के लिए वडे बना लें. वडे बनाने के लिए दाल को पानी से अच्छे से धोकर साफ कर लें. अब इस दाल को कम से कम 4 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दें ताकि दाल अच्छे से फूल जाए. बाद में दाल का अतिरिक्त पानी निकाल दीजिए.
अब दाल को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. जब दाल पिस जाए तो इसे एक बर्तन में निकाल लें. बाकी की दाल को भी इसी तरह पीस लें. जब सारी दाल पिस जाए तो इसमें नमक और हींग डालकर अच्छे से मिला लें. चमचे से इसे मिलाते हुए कम से कम 5 मिनट तक फेंटें.
दाल को तब तक फेंटना है जब तक कि यह फूली हुई नहीं दिखने लगती है. कढ़ाई में तेल डालकर चढ़ाएं. अब हाथ में वड़े का मिश्रण लेकर इसे कढ़ाई में डालें और तल लें. जब तक कि यह अच्छे से दोनों साइड तल जाए तो इसे कढ़ाई से बाहर निकाल लें.
सारे वड़ों को इसी तरह तल कर निकाल लें. अब इन वड़ों को पहले से ही तैयार कांजी में डालकर कम से कम आधे घंटे के लिए छोड़ दें. इसके बाद जब वडे कांजी में फूलकर अच्छे से तैयार हो जाएं तो इसे एक सर्विंग बाउल में निकालकर मेहमानों को सर्व करें.
Next Story





