लाइफ स्टाइल

अगर आप खुद से प्यार करते हैं तो आप जीवन के हर मोड़ पर खूबसूरत दिखेंगी

Tara Tandi
4 Dec 2021 5:14 AM GMT
अगर आप खुद से प्यार करते हैं तो आप जीवन के हर मोड़ पर खूबसूरत दिखेंगी
x
हममें से कई लोगों की जिंदगी में इतनी जिम्मेदारियां होती हैं कि हम अपनी देखभाल करना ही भूल जाते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हममें से कई लोगों की जिंदगी में इतनी जिम्मेदारियां होती हैं कि हम अपनी देखभाल करना ही भूल जाते हैं। लेकिन विशेषज्ञ क्यों इस आदत को नहीं मानते अच्छा, और क्यों जरूरी है महिलाओं को खुद से प्यार करना, इस बारे में बता रही हैं चयनिका निगम-

आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि सेल्फ केयर में लापरवाही यानी अपनी परवाह ना करने की आदत को लेकर अभिनेत्री मंदिरा बेदी भी अफसोस से भर जाती हैं। वह मानती हैं कि उन्होंने जिंदगी का एक लंबा समय खुद से प्यार जताए बिना ही निकाल दिया। अब 45 साल से ज्यादा की उम्र होने के बाद उन्हें लगता है कि काश उन्होंने 20वें या 30वें साल में भी खुद से उतना ही प्यार किया होता, जितना अब करती हैं। उन्हें अपनी इस गलती का बहुत अफसोस है। पर, ऐसा महसूस करने वालों में मंदिरा ही अकेली नहीं हैं। महिलाओं से जुड़ी यह बेहद आम समस्या है कि वो पूरी दुनिया की फिक्र तो करती हैं, पर अपनी ही फिक्र नहीं करतीं। यहां आपको बता दें कि खुद से प्यार करना, आत्मकेंद्रित होना नहीं है, बल्कि अपनी अच्छाइयों को पहचान कर उन्हें विकसित करना है।
आप हैं सबसे अलग
जी हां, खुद को समझाइए कि आप अनोखी हैं, सबसे जुदा हैं। जब-जब आप दूसरों का ख्याल रखें, तो याद रखें कि आप अनोखी और प्यारी हैं। इसलिए दूसरों के साथ खुद का ख्याल रखना भी आपके लिए उतना ही जरूरी है। अपने लिए भी वही सब करें, जो दूसरों के लिए करती हैं। याद रखिए आप अपना ख्याल नहीं रखेंगी, तो कोई भी नहीं रखेगा।
अपडेट होना है जरूरी
तकनीक कैसे आगे जा रही है? सोशल मीडिया का दबदबा कैसे बढ़ रहा है? राजनीति में क्या हलचल है? इन सारे सवालों के जवाब की अपेक्षा आमतौर पर महिलाओं से नहीं की जाती है। मगर खुद को दुनिया के हिसाब से कदमताल कराते रहना भी सेल्फ केयर है। दुनिया में क्या चल रहा है, इसकी जानकारी रखना मानसिक तौर पर आपको आगे बढ़ाता है। ये एक तरह का अपडेट है, जो आपको सेल्फ केयर देता है। अपडेट रहने के लिए अपना हुनर तलाशें, उसे पॉलिश करें। नई-नई चीजें सीखें, इसके लिए कोर्स ज्वॉइन करें। साथ ही शारीरिक रूप से फिट रहने की कोशिश करें। इंटरनेट और सोशल मीडिया से भी अपडेट रहें।
नए दोस्त, नई आदतें
रोजमर्रा की जिंदगी में जब भी कुछ सीखने का मौका मिले, तो उसे अपना लें। ये नई सीख आपको तब ही मिलेगी, जब आप नए लोगों से मिलेंगी या उनसे किसी भी दूसरे माध्यम से जुड़ेंगी। नई आदतें खुद में सुधार करने का सबसे अच्छा मौका होती हैं, जैसे अगर अभी तक आप सिर्फ घर और बच्चों में ही लगी रहती थीं, तो अब इससे बाहर निकल कर कुछ नया सीख लीजिए। जैसे नई भाषा, कोडिंग या फिर अगर कंप्यूटर नहीं आता है, तो वही सीख लीजिए। खुद का ये नया हुनर खुद से प्यार बढ़ाएगा।
सेहत हो नंबर वन
सेहतमंद शरीर के साथ जिंदगी और आसान हो जाती है, ये बात तो आप जानती ही होंगी। आज से ही अपनी सेहत पर ध्यान देना शुरू कर दीजिए। व्यायाम, योग और सेहतमंद आहार पर ध्यान दीजिए। समय से सोइए, समय पर उठिए। कह सकते हैं कि सेहत के लिए थोड़ी खुदगर्ज हो जाइए। सेहतमंद रह कर ही आप खुद से प्यार कर पाएंगी।
हालांकि, हममें से ज्यादातर लोग अपनी सीमाओं से बाहर नहीं निकलना चाहते, क्योंकि हमारे अंदर डर होता है कि मैं ये नहीं कर पाऊंगी या लोग क्या कहेंगे? अपने इस डर को निकाल फेंकिए और जिंदगी का भरपूर मजा लेते हुए जिंदगी जीना शुरू कीजिए। संभव है, यही आपके लिए खुद से प्यार किए जाने की शुरुआत हो।
सोशल मीडिया और तुलना
सोशल मीडिया ने कई लोगों केमन में दूसरों से तुलना करने की आदत भी डाल दी है। लेकिन कभी भी सोशल मीडिया पर लोगों को देखकर खुद से उनकी तुलना न करें। इस तुलना से तनाव के अलावा कुछ और नहीं मिलता। इसकी जगह सोशल मीडिया पर जो कुछ भी नया सीखने का मौका मिले, उससे सीखें। उन महिलाओं को देखें, जिन्होंने फेसबुक या यूट्यूब से ही अपनी पहचान बनाई है। सोशल मीडिया के इस सकारात्मक पक्ष को देखें।
खुद पर सख्ती ठीक नहीं
दूसरों का आपको जज करना जितना गलत है, खुद को जज करना भी उतना ही गलत है। अपनी ताकत से ज्यादा खुद को ना आजमाएं और ना ही हमेशा परफेक्ट रहने की कोशिश में फंसें।खुद को हमेशा परफेक्शन के खांचे में फिट करने की कोशिश करते रहना सही नहीं है। अपनी कमियों को स्वीकार करें और उन्हें सुधारें। पर, खुद पर इतनी सख्ती ना करें कि आपको जिंदगी जीने का मौका ही ना मिले। अपनी गलतियों के लिए खुद को माफ भी करें।
खुद के लिए करें ये काम
● जब भी लगे कि आपने अपने लिए कुछ अच्छा किया है, तो खुद को ट्रीट दें। अपनी उपलब्धियों को फ्रेम करा कर घर में लगाएं। इससे जिंदगी में आगे बढ़ने का आपको संबल मिलता रहेगा।
● हंसने की आदत डालें और हंसने का कोई भी मौका हाथ से जाने न दें।
● अपनी बुरी यादों को भूलने की कोशिश करें और वो तरीके अपनाएं, जिससे वो बुरी यादें वापस बिल्कुल न आएं। प्रेरित करने वाली बातें करें और उसे दूसरों के साथ साझा भी करें।
● उस समय पर ध्यान दें, जब आप खुद को बहुत प्रोडक्टिव महसूस करती हैं। ठीक उसी वक्त कोशिश करके अपने लिए समय निकालें, कुछ नया सोचें। जिम्मेदारियां पूरी करके अपने लिए समय निकालेंगी तो चिंता खुद-ब-खुद नहीं रहेगी।
● इस 'मी टाइम' को तय रखें और उस वक्त को बिल्कुल नहीं बदलें। देखिएगा, एक समय के बाद आप इस समय का इंतजार करेंगी, क्योंकि आपको ये समय बहुत अच्छा लगने लगेगा।
Next Story