लाइफ स्टाइल

होली में भांग का नशा हो जाए तो अपनाएं ये उपाय

Tara Tandi
18 March 2022 3:53 AM GMT
होली में भांग का नशा हो जाए तो अपनाएं ये उपाय
x
होली रंगों और उत्सव का त्योहार है। एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाने के साथ इस त्योहार पर बनने वाले तरह-तरह के पकवान इसे बेहद खास बनाते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। होली रंगों और उत्सव का त्योहार है। एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाने के साथ इस त्योहार पर बनने वाले तरह-तरह के पकवान इसे बेहद खास बनाते हैं। होली के दिन ठंडाई पीने की भी पुरानी परंपरा रही है, हालांकि देश के कुछ हिस्सों में लोग ठंडाई में भांग मिलाकर भी इसका सेवन करते हैं। हालांकि सेहत के लिहाज से भांग आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। भांग के नशा के कारण मतली, सिरदर्द, उल्टी और निर्जलीकरण की समस्या हो सकती है। वहीं अधिक मात्रा में भांग का सेवन करना आपके लिए कई तरह की और भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

वैसे तो स्वास्थ्य विशेषज्ञ भांग का सेवन न करने की सलाह देते हैं, पर अगर आपके क्षेत्र में इसकी परंपरा है तो इसका बहुत ही थोड़ी मात्रा में, सावधानी के साथ सेवन किया जाना चाहिए। भांग का हैंगओवर आपको भ्रमित कर सकता है। कुछ स्थितियों में इसके कारण गंभीर स्वास्थ्य जटिलताएं भी हो सकती हैं। आइए जानते हैं कि अगर होली में किसी को भांग का नशा हो जाए तो किन उपायों को प्रयोग में लाकर इससे राहत पाया जा सकता है?
क्या है विशेषज्ञों की सलाह?
अमर उजाला से बातचीत में स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ नवीन पाण्डेय कहते हैं, शरीर के लिए किसी भी रूप में नशा करना नुकसानदायक माना जाता है। होली में कई स्थानों पर भांग की ठंडाई पीने का प्रचलन है, पर अधिक मात्रा में इसके सेवन से बचा जाना चाहिए। उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए थोड़ी भी मात्रा में भांग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकती है। त्योहार का आनंद लें पर इस दौरान सेहत को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल न करें।
भांग का नशा हो जाए तो क्या करें?
यदि आपके आसपास होली के दिन किसी को भांग का हैंगओवर हो जाए तो उसे तुरंत डॉक्टर के पास लेकर जाएं। प्रारंभिक तौर पर कुछ उपायों से लाभ जरूर मिल सकता है, लेकिन व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होती है।
भांग का सेवन करने से पहले सुनिश्चित करें कि आपका पेट खाली न हो।
तला-भुना और भारी खाना कम खाएं। इस तरह के खाद्य पदार्थ भांग के कारण हैंगओवर को बढ़ा सकते हैं।
हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखें ताकि आपके शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकल जाएं।
विटामिन-सी से भरपूर चीजें खाएं और नींबू पानी पिएं। यह मतली से छुटकारा पाने में मदद करेगा।
ताजा छाछ का सेवन कर सकते हैं, इससे मतली की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
भांग के कारण होने वाले सिरदर्द को ठीक करने के लिए दर्द निवारक दवाएं न लें। यह हानिकारक हो सकता है।
भांग के बाद शरीर को डिटॉक्स करने के लिए ताजा सलाद, फल और ताजा जूस का सेवन करें। ताजे खाद्य पदार्थों से प्राप्त फाइबर शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं।
गुनगुने पानी से नहाने से तंत्रिकाओं को आराम मिलता है और सिरदर्द को कम किया जा सकता है।
Next Story