लाइफ स्टाइल

पहले पीरियड्स के संकेतों को ऐसे पहचानें, जानें लक्षण और जरूरी उपाय

SANTOSI TANDI
14 Aug 2023 7:21 AM GMT
पहले पीरियड्स के संकेतों को ऐसे पहचानें, जानें लक्षण और जरूरी उपाय
x
जानें लक्षण और जरूरी उपाय
किसी भी लड़की की जिंदगी में पीरियड्स का शुरू होना एक अहम पड़ाव होता है। यह किसी भी लड़की के शरीर में हार्मोनल बदलाव शुरू होने का भी संकेत देता है। पहले पीरियड्स लगभग 10-12 साल की उम्र में आते हैं। इस समय पर लड़कियों के शरीर में कई शारीरिक बदलाव होते हैं। वहीं, इमोशनली भी कई तरह के सवाल इस दौरान किसी भी लड़की के मन में उठते हैं। अगर पीरियड्स आने से पहले ही लड़कियों को इसके लक्षणों, इससे जुड़े संकेतों और जरूरी उपायों के बारे में जानकारी हो, तो उलझन काफी हद तक कम हो सकती है। हर मां को अपनी बेटी को उसके पहले पीरियड के लिए तैयार करना चाहिए।
फर्स्ट पीरियड्स से पहले शरीर में क्या संकेत नजर आते हैं, ये कितने दिन तक चलते हैं, इस दौरान क्या उपाय करने चाहिए, इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी हमें डॉक्टर नीमा शर्मा, डायरेक्टर, प्रसूति और स्त्री रोग विभाग, फोर्टिस अस्पताल, वसंत कुंज, दे रही हैं।
पहले पीरियड्स से पहले शरीर में नजर आते हैं ये संकेत
पीरियड्स शुरू होने से पहले लड़कियों के शरीर में उन हिस्सों में बाल आने लगते हैं, जहां पहले नहीं थे। इस समय पर हाथों, पैरों, अंडरआर्म्स और प्राइवेट पार्ट्स में बाल आना शुरू हो जाते हैं।
व्हाइट डिस्चार्ज का शुरू होना भी पीरियड्स आने का संकेत हो सकता है। आमतौर पर फर्स्ट पीरियड्स से लगभग 6 महीने पहले से व्हाइट डिस्चार्ज शुरू हो सकता है।
यह आमतौर पर शरीर में हार्मोनल बदलाव की तरफ इशारा करता है। इस समय पर एस्ट्रोजन की मात्रा बढ़ने लगती है।
इसके अलवा ब्रेस्ट की ग्रोथ भी फर्स्ट पीरियड की तरफ इशारा करती है।
पीरियड्स शुरू होने से पहले चिड़चिड़ापन, खान-पान की आदतों में बदलाव और ब्लोटिंग भी हो सकती है।
फर्स्ट पीरियड्स कैसे हो सकते हैं?
फर्स्ट पीरियड्स के दौरान कुछ लड़कियों को हल्की ब्लीडिंग तो कुछ को सिर्फ स्पॉटिंग भी हो सकती है। कुछ लड़कियों को ये सिर्फ 1-2 दिन के लिए होता है। वहीं, पहले पीरियड 7-8 दिन भी चल सकते हैं। ब्लड का कलर लाल या फिर भूरा हो सकता है और कभी-कभी ब्लड क्लॉट्स भी आ सकते हैं।
फर्स्ट पीरियड में रखें इन बातों का ख्याल
पहले पीरियड के दौरान, किसी भी लड़की को अपनी मां के सपोर्ट की बहुत जरूरत होती है। इन दिनों में दर्द कैसा है, फ्लो कैसा है, इन सारी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
पहले पीरियड में होने वाले दर्द को बर्दाश्त करने में किसी भी लड़की को मुश्किल हो सकती है। लेकिन अगर ये दर्द बहुत ज्यादा है, तो आपको इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए।
पहले पीरियड्स में सेनेटिरी पैड्स का सही से इस्तेमाल करने में आपको शुरू में मुश्किल हो सकती है, ऐसे में घबराएं नहीं, चीजों को समझने में थोड़ा वक्त लगेगा।
पैड्स को थोड़ी-थोड़ी देर में बदलती रहें। ज्यादा देर तक पैड लगाए रहने से रैशेज हो सकते हैं।
क्रैम्प्स अधिक होने पर गर्म पानी से सेंक करें।
पेन किलर लेने से बचें।
अगर आपके कपड़ों पर दाग लग जाए, तो घबराएं नहीं। अपनी मां या आस-पास मौजूद किसी बड़े से मदद लें।
पीरियड शुरू होने के संकेत नजर आने पर अपने पास टिश्यू पेपर या कॉटन पैड रखें।
अगर आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Next Story