लाइफ स्टाइल

बिना सांचे के परफेक्ट बेकरी वाली बटर कुकीज ऐसे बनाएं

SANTOSI TANDI
12 Sep 2023 1:12 PM GMT
बिना सांचे के परफेक्ट बेकरी वाली बटर कुकीज ऐसे बनाएं
x
बटर कुकीज ऐसे बनाएं
कुकीज एक समय में बहुत लोकप्रिय हुआ करती थीं। इसे भले ही आज अमेरिकी बिस्कुट के नाम से जाना जाता है, लेकिन ऐसा माना जाता है कि इसे पहले ईरान में बनाया गया था। धीरे-धीरे यह विश्वभर में पसंद की जाने लगी। भारत में लोग कुकीज को भी बिस्कुट ही बोलते हैं, लेकिन दोनों चीजों में थोड़ा अंतर जरूर होता है।
हम आज भी बेकरी की कुकीज बहुत पसंद करते हैं। पहली बार बेकिंग करने वाला व्यक्ति या सीखने वाला व्यक्ति कुकीज जरूर बनाता है। क्या आपको पता है कि आप भी घर पर बेकरी वाली बटर कुकीज आसानी से बना सकती हैं? जी हां, इसके लिए आपको किसी खास टूल की भी जरूरत नहीं है। बिना सांचे के और बेकिंग पाउडर या सोडा डाले बिना भी इसे सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।
आज हमारे एचजी फूड स्कूल की सीरीज में चलिए आपको आसान स्टेप्स और टिप्स की मदद से हम स्वादिष्ट कुकीज बनाने का तरीका बताएं।
कुकीज बनाने के लिए ऐसे करें शुरुआत
इसके लिए आप मैदा, बटर, अंडा और चीनी आदि जो भी सामग्री ले रहे हैं पहले उसे रूम टेंपरेचर पर निकालकर रख लें। यह इसलिए जरूरी है, ताकि बटर या अन्य उत्पाद अच्छी तरह से आपस में मिक्स हो सकें।
अगर आप कुकीज में दूध डाल रही हैं, तो उसे भी गर्म करके रूम टेंपरेचर पर पहले ठंडा होने दें।
कुकीज की तैयारी करने से पहले ओवन को प्रीहीट जरूर करें। कुकीज को हीट करने के लिए 180 डिग्री सेल्सियस सही तापमान है।
इसे भी पढ़ें: होममेड कुकीज का कई गुना बढ़ जाएगा स्वाद, अगर इन टिप्स को करेंगी फॉलो
बटर कुकीज बनाने के लिए याद रखें दादी-नानी के नुस्खे
अगर आपकी कुकीज को क्रिस्पी करना है, तो उसमें दूध न के बराबर डालें। यदि दूध ज्यादा डाला है, तो ओवन में कुकीज को थोड़ा ज्यादा देर के लिए बेक करें।
अगर आप कुकीज (हेल्दी कुकीज रेसिपीज) को अंदर से सॉफ्ट और फल्फी बनाना चाहती हैं, तो थोड़ी-सी क्रीम चीज भी डाल सकती हैं।
अगर आप कुकीज को अंदर से डेंस और किनारों से क्रिस्पी रखना चाहती हैं, तो इसमें मेल्ट किया हुआ बटर डाल सकती हैं।
कुकीज के बैटर को तैयार करने के बाद उसे 10 मिनट के लिए रेस्ट पर जरूर रखें। इससे इंग्रीडिएंट्स को सॉफ्ट होने और फूलने का अच्छा समय मिलता है।
बटर कुकीज बनाते वक्त न करें ये गलतियां
किसी भी इंग्रीडिएंट को कम ज्यादा न करें। इससे भी आपकी कुकीज खराब हो सकती हैं। जितना मेजरमेंट लिखा हो, उतना ही डालें।
किसी भी इंग्रीडिएंट को फ्रिज में न रखें और न ही सीधा फ्रिज से निकालकर उसे उपयोग करें। इस तरह से वो सही ढंग से मिक्स नहीं होता।
बहुत सारी कुकीज को एक साथ ओवन में डालने से अच्छा है, छोटे-छोटे बैच में बनाएं। इस तरह से सभी कुकीज ईवनली बेक होंगी।
यदि आप कुकीज के आटे को बहुत अधिक गूंथेंगे, तो उसमें ज्यादा हवा होगी, जिससे आटा फूल जाएगा और फिर ओवन में सपाट होगा। कुकीज बनाने के लिए आटे को बहुत ज्यादा नहीं गूंथना चाहिए।
आप भले ही कितने उत्साही हों, लेकिन बार-बार ओवन को खोलकर चेक न करें। यह बेकिंग के प्रोसेस को धीमा करता है (ईज़ी बेकिंग टिप्स)।
कुकीज बेक हो जाने के बाद उन्हें तुरंत प्लेट में रखकर ठंडा न करें। पहले उन्हें बेकिंग शीट पर ही ठंडा होने दें, इसके बाद कूलिंग रैक पर रखें।
डालें ये स्पेशल सामग्री-
अगर आपके पास बेकिंग सोडा नहीं है, तो आप इसमें ईनो का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह स्पेशल इंग्रीडिएंट ठीक वैसे ही काम करेगा, जैसे बेकिंग सोडा करता है। इसके अलावा आप कुकीज में अपने पसंद के ड्राई फ्रूट्स, टूटी-फ्रूटी और चॉको चिप्स भी मिला सकते हैं।
बटर कुकीज बनाने के लिए जरूरी सामग्री-
1.5 कप मैदा
1/2 छोटा चम्मच ईनो
1/4 कप बटर, सॉफ्ट
3 बड़े चम्मच चीनी
1/4 छोटा चम्मच कोको पाउडर
1/4 छोटा कप चॉको चिप्स
बटर कुकीज बनाने का तरीका-
सबसे पहले एक कटोरे में मैदा, ईनो और कोको पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
इसके बाद एक कटोरे में बटर डालें और उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। मक्खन का रंग हल्का सफेद होने लगे और वह क्रीमी और फ्लफी हो जाए, तो मतलब मक्खन तैयार है।
अब इसमें चॉको चिप्स, मैदा, ईनो और कोको पाउडर का मिश्रण डालकर एक नॉन स्टिकी आटा गूंथ लें। अगर आटा ज्यादा ड्राई लगे, तो आप इसनें 1 छोटा चम्मच दूध डालकर मिला सकते हैं।
इसके बाद आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर अलग रख दें। आप इसे फ्रिज में चिलिंग के लिए भी रख सकते हैं।
ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें। एक बेकिंग ट्रे पर पार्चमेंट पेपर लगाएं।
आटे को फ्रिज से निकालें और कुछ सेकंड गूंथ लें। इसके बाद छोटी-छोटी बॉल्स को पार्चमेंट पेपर के ऊपर 1.5 इंच के गैप पर रखें।
बॉल्स को उंगली से थोड़ा दबाएं और फ्लैट करें। इसके बाद फोर्क की मदद से इसपर डिजाइन बना लें। आप चाहें तो कुकीज को बस फ्लैट भी रहने दे सकती हैं।
इस ट्रे को पहले से हीट हुए ओवन में रखकर 15 मिनट तक बेक करें। 15 मिनट बाद, कुकीज को चेक कर लें। अगर जरूरत लगे तो 2-3 मिनट और बेक करें। आपकी बटर कुकीज तैयार हैं।
अब बताइए है न आसान घर पर बेकरी जैसी कुकीज बनाना! आप भी यह रेसिपी ट्राई करें और अपने बच्चों को सरप्राइज दें। उन्हें यह बहुत पसंद आएगी। अगर आपको रेसिपी पसंद आई, तो इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए विजिट करें हरजिंदगी।
Next Story