लाइफ स्टाइल

फफूंदी लगे अचार को कैसे बनाएं दोबारा खाने योग्य? जानिए आसान घरेलू तरीका

Saba Naaz
18 Jun 2025 4:35 PM IST
फफूंदी लगे अचार को कैसे बनाएं दोबारा खाने योग्य? जानिए आसान घरेलू तरीका
x
Lifestyle लाइफस्टाइल : गर्मी के मौसम में हर भारतीय घर में अचार डाला जाता है। ये अचार इतना होता है कि सालों-साल बड़ी ही आसानी से चल जाता है। पर, जब बारिश का मौसम आता है और हर तरफ नमी आने लगती है तो इस मौसम का प्रभाव सीधा अचार पर पड़ता है।
इस नमी वाले मौसम की वजह से अचार में धीरे-धीरे फंफूदी पड़ने लगती है। बहुत से लोगों को लगता है कि यदि अचार में फंफूदी लग गई तो इसे फेंकना बेहतर होता है। जबकि ऐसा नहीं हैं। आप कुछ टिप्स अपनाकर फंफूदी लगे अचार को सही कर सकते हैं। जी हां कुछ ऐसी आसान टिप्स होती हैं, जिनको आजमाकर आप फंफूदी लगे अचार को भी दोबारा खाने के योग्य बना सकते हैं।
पहले करें चेक : यदि अचार में फफूंदी लग गई है तो पहले ये चेक करें कि ये अंदर तक तो नहीं लगी। क्योंकि सिर्फ ऊपर लगी हुई फफूंदी को हटाया जा सकता है। अगर फफूंदी अंदर तक चली गई है तो इसे फेंकना ही बेहतर विकल्प है, क्योंकि इसके सेवन से फूड पॉइजनिंग, गैस्ट्रिक इंफेक्शन, या लिवर इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यदि ये सिर्फ ऊपर ही लगी है तो हमारे बताए नुस्खों को आजमा लें।
ऊपर से हटा लें : यदि अचार में फफूंदी लग गई है तो सबसे पहले तो जितने हिस्से में फफूंदी लगी है उसके थोड़े नीचे तक का हिस्सा निकालकर फेंक दें। फफूंदी वाला अचार जब हटा दें तो उसके बाद भी चेक कर लें कि फफूंदी का कुछ हिस्सा भी उसमें रह न जाए, वरना ये दिक्कत पैदा कर सकता है।
अब डालें सरसों का तेल : अक्सर फफूंदी अचार में तब लगती है, जब अचार तेल में डूबा नहीं रहता है। बाहर निकला अचार नमी के संपर्क में आता है, जिससे इसमें फंगस लगती है। ऐसे में फफूंदी वाले अचार को फेंक कर इसमें सरसों का तेल भर दें, ताकि ये डूबा रहे।
सिरका मिलाएं : अचार में फफूंद लगने लगी है तो उसे हटाकर उसमें थोड़ा सा सिरका मिला दें। सिरके की वजह से अचार सालों-साल खराब नहीं होता है। ये फफूंदी को बढ़ने से रोकने में मदद करता है।
लगाएं धूप : जब नमी आने लगे तो अचार को बीच-बीच में चलाएं और धूप में रखें। धूप में रखने से इससे नमी कम होगी और बैक्टीरिया मरते हैं। धूप में रखने से पहले और बाद में भी इसे चलाएं अवश्य, ताकि तेल मिक्स होता रहे।
प्लास्टिक के डिब्बे से निकाल दें : यदि आपने अचार को प्लास्टिक के डिब्बे में रखा है तो उसे उसमें से निकाल लें, क्योंकि प्लास्टिक के डब्बों में अक्सर नमी रुक जाती है, जिससे फफूंद लग सकती है। अचार हमेशा चीनी मिट्टी या फिर कांच के जार में रखा जाता है। इसलिए इसे कांच के जार में रखें।
Next Story