लाइफ स्टाइल

मॉनसून में फर्नीचर को बचाने के घरेलू तरीके

Saba Naaz
2 July 2026 9:48 PM IST
मॉनसून में फर्नीचर को बचाने के घरेलू तरीके
x

लाइफ स्टाइल: बारिश का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतना ही यह आपके घर के महंगे लकड़ी के फर्नीचर के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। हवा में बढ़ी नमी के कारण लकड़ी फूलने लगती है, दराजें जाम हो जाती हैं और फर्नीचर पर फंगस या सीलन की समस्या शुरू हो जाती है। अगर समय रहते देखभाल न की जाए, तो सोफा, बेड और अलमारी जैसी कीमती चीजें खराब भी हो सकती हैं। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप अपने फर्नीचर को सुरक्षित रख सकते हैं।

फर्नीचर को दीवार से दूर रखें

मानसून में दीवारों पर सीलन आना आम बात है। ऐसे में अगर फर्नीचर दीवार से सटा होगा, तो नमी सीधे लकड़ी में चली जाएगी। इसलिए बेड, अलमारी और सोफे को दीवार से कम से कम 6–7 इंच दूर रखें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे और फंगस न लगे।

कपूर और नैफ्थलीन से नमी पर रोक

अलमारी और दराजों में नैफ्थलीन की गोलियां या भीमसेनी कपूर रखने से नमी कम होती है। यह न सिर्फ बदबू को दूर करता है बल्कि कीड़े-मकोड़ों और फंगस से भी बचाव करता है। नीम की सूखी पत्तियां और लौंग भी एक प्राकृतिक विकल्प हैं।

सूखे कपड़े और वैक्स पॉलिश का इस्तेमाल

बारिश में फर्नीचर को साफ करने के लिए गीले कपड़े का इस्तेमाल न करें। हमेशा सूखे और मुलायम कपड़े से सफाई करें। मानसून से पहले वैक्स या ऑयल पॉलिश करवाने से लकड़ी पर एक सुरक्षा परत बन जाती है, जो नमी को अंदर जाने से रोकती है।

घर में वेंटिलेशन और धूप जरूरी

बारिश रुकते ही खिड़कियां खोलकर ताजी हवा और धूप आने दें। इससे कमरे की नमी कम होती है। जिन कमरों में धूप नहीं आती, वहां डिह्यूमिडिफायर का उपयोग करना फायदेमंद होता है।

फंगस लगने पर तुरंत उपाय

अगर फर्नीचर पर फंगस लग जाए तो उसे सूखे कपड़े से साफ करें और फिर पानी में मिला हुआ विनेगर लगाकर पोंछ दें। विनेगर फंगस के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करता है।

मानसून में थोड़ी सी सावधानी और नियमित देखभाल से आप अपने महंगे लकड़ी के फर्नीचर को लंबे समय तक नया और सुरक्षित रख सकते हैं।

Next Story