- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- Hair की ग्रोथ बढ़ाने...
Hair की ग्रोथ बढ़ाने का घरेलू उपाय, कुछ महीनों में दिखेगा असर

New Delhi नई दिल्ली : आज के समय में बालों का पतला होना एक आम समस्या बन गई है। बदलती लाइफस्टाइल, बढ़ता तनाव, खराब खानपान, टाइट हेयरस्टाइल और केमिकल वाले हेयर प्रोडक्ट्स के ज्यादा इस्तेमाल से बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। कई लोग बालों की ग्रोथ बढ़ाने और उन्हें घना बनाने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ घरेलू उपाय भी बालों की देखभाल में मददगार साबित हो सकते हैं।
ऐसा ही एक घरेलू नुस्खा है लिक्विड हेयर मास्क, जिसे प्याज के रस, कैस्टर ऑयल, विटामिन ई और रोजमेरी एसेंशियल ऑयल की मदद से तैयार किया जा सकता है। यह मास्क स्कैल्प को पोषण देने और बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। नियमित इस्तेमाल से बालों में चमक और मजबूती आने में सहायता मिल सकती है।
ऐसे तैयार करें लिक्विड हेयर मास्क
इस हेयर मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले एक ताजा प्याज लें। प्याज को अच्छी तरह छीलकर कद्दूकस कर लें। अब एक साफ सूती कपड़ा लें और उसमें कद्दूकस की हुई प्याज डाल दें। कपड़े की पोटली बनाकर प्याज को अच्छे से दबाएं और उसका रस निकाल लें।
अब इस प्याज के रस में कुछ अन्य चीजें मिलानी होंगी। इसमें कैस्टर ऑयल यानी अरंडी का तेल, विटामिन ई कैप्सूल और रोजमेरी एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद आपका लिक्विड हेयर मास्क तैयार हो जाएगा।
लगाने का सही तरीका
इस हेयर मास्क को सीधे बालों की लंबाई पर लगाने की बजाय स्कैल्प पर लगाना ज्यादा बेहतर माना जाता है। इसके लिए कॉटन बॉल की मदद ली जा सकती है।
सबसे पहले कॉटन बॉल को तैयार किए गए लिक्विड मास्क में डुबोएं और फिर इसे बालों की जड़ों यानी स्कैल्प पर लगाएं। इसके बाद उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से 2 से 3 मिनट तक मसाज करें। मसाज करने से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होने में मदद मिल सकती है।
मास्क लगाने के बाद इसे करीब 45 मिनट तक बालों में लगा रहने दें। इसके बाद बालों को माइल्ड शैम्पू से अच्छी तरह धो लें। इस प्रक्रिया को हफ्ते में दो बार दोहराया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
हालांकि, हर व्यक्ति के बालों और त्वचा की प्रकृति अलग होती है। इसलिए किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट करना बेहतर रहता है। अगर किसी को प्याज, एसेंशियल ऑयल या किसी अन्य सामग्री से एलर्जी है तो इसका इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
प्याज के रस में मौजूद सल्फर जैसे तत्व बालों की देखभाल में मदद कर सकते हैं, जबकि कैस्टर ऑयल बालों को नमी देने में सहायक हो सकता है। वहीं विटामिन ई और रोजमेरी ऑयल स्कैल्प के पोषण के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
बालों की अच्छी सेहत के लिए घरेलू उपायों के साथ-साथ संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव कम करना भी जरूरी है। लगातार देखभाल और सही आदतों से बालों की मजबूती और चमक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।





