- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- हेल्दी और स्वादिष्ट...

लाइफ स्टाइल: अगर आप रोज-रोज एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो मूंग दाल पालक इडली आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यह इडली न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है बल्कि पोषण से भी भरपूर होती है। मूंग दाल से इसमें प्रोटीन मिलता है और पालक से आयरन और विटामिन्स की भरपाई होती है। यही वजह है कि यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है।
सुबह के नाश्ते में जब कोई हेल्दी और हल्का खाना मिल जाए, तो पूरा दिन एनर्जी से भरा रहता है। मूंग दाल और पालक से बनी यह इडली देखने में भी हरी-भरी और आकर्षक लगती है और खाने में बेहद सॉफ्ट और स्पंजी होती है। इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल को 3 से 4 घंटे तक भिगोया जाता है। इसके बाद इसे दही, हरी मिर्च और अदरक के साथ मिक्सी में पीसकर स्मूद बैटर तैयार किया जाता है। फिर इसमें बारीक कटा या प्यूरी किया हुआ पालक और स्वादानुसार नमक मिलाया जाता है।
इसके बाद एक छोटे पैन में तेल गर्म करके उसमें राई और कढ़ी पत्ता का तड़का लगाया जाता है और इसे बैटर में मिला दिया जाता है, जिससे इडली का स्वाद और भी बढ़ जाता है। अब इडली के सांचे को हल्का तेल लगाकर चिकना किया जाता है और इडली स्टीमर में पानी गर्म करके बैटर को सांचों में डाला जाता है। बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा मिलाने से इडली और भी फ्लफी बनती है।
इसके बाद इडली को लगभग 10 से 12 मिनट तक भाप में पकाया जाता है। तय समय के बाद टूथपिक से चेक करने पर अगर वह साफ निकल आए तो इडली तैयार है। यह हरी-भरी इडली नारियल की चटनी, सांभर या टमाटर की चटनी के साथ परोसी जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। यह रेसिपी न सिर्फ हेल्दी है बल्कि हल्की और आसानी से पचने वाली भी है, जिससे यह सुबह के नाश्ते के लिए एक परफेक्ट ऑप्शन बन जाती है।
Ingredients (सूची सामग्री)
1 कप बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल (भीगी हुई)
1 कप पालक (कटी या प्यूरी)
3 बड़े चम्मच दही
1 छोटा चम्मच हरी मिर्च-अदरक पेस्ट
1/2 छोटा चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच राई और करी पत्ता (तड़के के लिए)
1 छोटा चम्मच तेल
स्टीमिंग के लिए पानी





