लाइफ स्टाइल

Gulab Jamun: अनोखा इतिहास जो हर कोई नहीं जानता

Saba Naaz
13 Sept 2025 9:24 PM IST
Gulab Jamun: अनोखा इतिहास जो हर कोई नहीं जानता
x
Lifestyle लाइफस्टाइल : भारतीय मिठाइयों की बात हो और गुलाब जामुन का जिक्र न आए, ऐसा शायद ही कभी होता है। चाहे त्योहार हो, शादी-ब्याह या घर की कोई छोटी-सी खुशी, गुलाब जामुन हर मौके को मीठा बनाने का काम करता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस मिठाई का नाम आखिर गुलाब जामुन क्यों पड़ा, जबकि न तो इसमें गुलाब के फूल होते हैं और न ही जामुन? यही नहीं, इसका रिश्ता सीधे-सीधे भारत से भी नहीं है।
इस मिठाई के नाम के पीछे का रहस्य
दरअसल, 'गुलाब जामुन' नाम की जड़ें फारसी भाषा में छिपी हैं। फारसी शब्द ‘गुलाब’ का अर्थ होता है गुल यानी फूल और आब यानी पानी। इसका मतलब हुआ "गुलाब जल" या "गुलाब की सुगंध वाला मीठा पानी"। चूंकि इस मिठाई को चाशनी में डुबोकर परोसा जाता है, इसलिए इसका यह नाम पड़ा। वहीं, तली हुई खोये की गोलियों का रंग और आकार जामुन फल से मिलता-जुलता है, इसलिए इसका दूसरा हिस्सा 'जामुन' जुड़ गया। इस तरह बनी यह लोकप्रिय मिठाई- गुलाब जामुन।
भारत में कैसे पहुंचा गुलाब जामुन?
इतिहासकार मानते हैं कि गुलाब जामुन की शुरुआत मध्य एशिया और ईरान से हुई। बाद में तुर्की और मुगल खानसामे इसे भारत लेकर आए। कुछ मान्यताओं के अनुसार, मुगल सम्राट शाहजहां के दरबार के एक रसोइये ने इसे पहली बार तैयार किया और शाहजहां को यह इतना पसंद आया कि यह मिठाई पूरे साम्राज्य में मशहूर हो गई। धीरे-धीरे यह भारत के हर हिस्से में अपनी जगह बना चुकी थी।
कोलकाता से जुड़ी दिलचस्प कहानी
गुलाब जामुन से जुड़ी एक और लोकप्रिय कथा कोलकाता की है। कहा जाता है कि 19वीं सदी में प्रसिद्ध हलवाई भीम चंद्र नाग ने एक खास मेहमान- लेडी कैनिंग (गवर्नर जनरल लॉर्ड कैनिंग की पत्नी) के लिए नई मिठाई तैयार की थी। यह मिठाई लंबी और सिलेंडर आकार की थी और सबको इतनी पसंद आई कि इसे लेडी कैनिंग के नाम पर ‘लेदिकेनी’ कहा जाने लगा। आज भी बंगाल में यह मिठाई बड़ी शान से बनाई जाती है।
Next Story