लाइफ स्टाइल

भोजपुरी इंडस्ट्री में भी गणेश चतुर्थी की धूम, कलाकारों ने शेयर की तस्वीरें

SHIDDHANT
27 Aug 2025 8:12 PM IST
भोजपुरी इंडस्ट्री में भी गणेश चतुर्थी की धूम, कलाकारों ने शेयर की तस्वीरें
x
LIFESTYLE लाइफस्टाइल: गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा के साथ बुधवार से शुरू हो गया है। इस बार भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार भी भगवान गणेश की भक्ति और उत्सव में रंगे नजर आ रहे हैं। इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने अपने घरों में बप्पा की स्थापना की और सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।
रानी चटर्जी ने दी शुभकामनाएं
भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रानी चटर्जी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भगवान गणेश की तस्वीर साझा की। उन्होंने इसके साथ ‘वक्रतुंड महाकाय’ भजन जोड़ा और लिखा – “सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं।”
पाखी हेगड़े का पोस्ट
भोजपुरी फिल्मों की जानी-मानी अदाकारा पाखी हेगड़े ने इंस्टाग्राम पर गणपति बप्पा का वीडियो शेयर किया। उन्होंने इसे कैप्शन दिया – “गणपति बप्पा मोरया।”
मोनालिसा ने की बप्पा की स्थापना
भोजपुरी इंडस्ट्री और टीवी की चर्चित अदाकारा मोनालिसा ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा कीं। इसमें वह भगवान गणेश की चौकी के सामने फर्श पर बैठी दिखाई दे रही हैं। उनकी पोस्ट से फैंस ने अनुमान लगाया कि इस बार उन्होंने अपने घर में बप्पा की स्थापना की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा – “गणपति बप्पा मोरया, गणेश चतुर्थी की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”
काजल राघवानी का भावुक संदेश
काजल राघवानी ने अपने घर में गणपति की स्थापना की और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा – “भगवान गणेश आप सभी के जीवन को खुशियों और शांति से भर दें। सभी के घरों में समृद्धि बनी रहे और बप्पा आपके मार्ग से हर बाधा दूर करें।”
उन्होंने आगे भावुक संदेश दिया – “मैं बप्पा से यही मांगती हूं कि हमेशा मुझे सही राह दिखाते रहना। सबको खुश रखने की शक्ति देना और इस दुनिया के हर जीव की रक्षा करना।”
निधि झा की प्रार्थना
निधि झा ने भी अपने घर में गणपति स्थापना की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह पारंपरिक परिधान में भगवान गणेश की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर बैठी नजर आ रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा – “भगवान गणेश हमें चुनौतियों पर विजय पाने की शक्ति, सही चुनाव करने की बुद्धि और सकारात्मकता फैलाने का प्रेम प्रदान करें।”
अंजना सिंह का पारिवारिक उत्सव
अंजना सिंह ने अपने परिवार के साथ गणपति पूजन की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। तस्वीरों में वह परिवार संग बप्पा की चौकी के सामने बैठी नजर आईं। उन्होंने लिखा – “बस आप हमेशा साथ रहना बप्पा। सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। गणपति बप्पा मोरया।”
उत्सव और भक्ति का माहौल
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों के पोस्ट से यह साफ झलकता है कि गणेश चतुर्थी उनके लिए केवल धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि आस्था और सकारात्मकता का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर साझा की गईं तस्वीरों और वीडियो ने प्रशंसकों को भी इस उत्सव से जोड़े रखा।
Next Story