लाइफ स्टाइल

रूढ़ियों को अपने काम के दम से तोड़ने की आजादी है मेरे लिए फ्रीडम

SANTOSI TANDI
14 Aug 2023 1:49 PM GMT
रूढ़ियों को अपने काम के दम से तोड़ने की आजादी है मेरे लिए फ्रीडम
x
आजादी है मेरे लिए फ्रीडम
हम स्वतंत्र हो चुके हैं, लेकिन क्या मानसिक रूप से स्वतंत्र हैं? हमारे देश में महिलाओं की जो स्थिति है, वो दयनीय आज से नहीं, बल्कि सदियों से है। आज भी महिलाओं को अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए गला फाड़कर चिल्लाना पड़ता है। अपने हक के लिए उसे लड़ना पड़ता है।
आज भी हमारे देश में सुरक्षा महिलाओं की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पब्लिक सर्विसेज और पॉलिटिक्स में महिलाओं की भागीदारी नहीं है। शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें उनका हक नहीं मिल पाता। क्या किसी ने ये सोचा है कि आखिर एक महिला को क्या चाहिए? एक महिला के लिए आजादी का मतलब आखिर क्या है?
मैं एक 30 वर्षीय महिला हूं और इस स्वतंत्रता दिवस पर मैं आपको बताने जा रही हूं कि आखिर एक महिला के लिए स्वतंत्रता का मतलब क्या है?
दूसरे के आइडिया के साथ नहीं, खुद के दिमाग से काम करने की स्वतंत्रता
मेरे लिए स्वतंत्रता का मतलब है अपनी स्वतंत्रता का जश्न मनाना। जहां मैं अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों और विकास का जश्न मनाना चाहती हूं। स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी आती है, मेरे लिए स्वतंत्रता का अर्थ किसी और के विचारों तले दबने के बजाय अपने निर्णय लेने में सक्षम होना है। मेरे लिए स्वतंत्रता जोखिम लेने, खुद पर पूरा भरोसा करने, जिस चीज पर मैं वास्तव में विश्वास करती हूं उसका पालन करने में है। स्वतंत्रता के साथ सोचने और समझदारी से कार्य करने की जिम्मेदारी भी आती है।
खुद के लिए सही और गलत चुनने की आजादी
स्वतंत्रता का अर्थ है अपने लिए आवाज खुद उठाना और एक ऐसी आवाज बनना, जिसका उद्देश्य हो। एक ऐसी आवाज, जो दूसरों के डर से न दबे बल्कि अपने साथ-साथ जरूरतमंदों की भी आवाज बन सके। स्वतंत्रता का अर्थ है कि आप अपने हिसाब से अपनी जिंदगी को जी सकें। अगर आपको न पता हो कि जीवन में क्या करना है, तो यह भी ठीक है। जब आप अपने उद्देश्य के बारे में जागरूक होते हैं और हर दिन उसके लिए काम करना पसंद करते हैं, तो सही मायने में आप स्वतंत्र हैं। अपने मन में स्वतंत्रता के साथ, हमें बदलाव लाने की दिशा में मिलकर काम करने की जरूरत है और संकट की उन आवाजों पर काबू पाने के लिए खुद के लिए एक स्टैंड लेना होगा।
बिना किसी रिग्रेट के जीने की आजादी
आपने मॉम गिल्ट के बारे में सुना है? अगर हम अपनी पसंद से कुछ कर भी लें, तो हमें गिल्ट दिलाया जाता है। तुम कैसे अपने मां-बाप की मर्जी के बिना शादी कर सकती हो? मां-बाप से पूछे बिना कैसे घूमने जा सकती हो? अरे अपने निर्णय कैसे ले सकती हो? इन रिग्रेट्स का एहसास हर महिला को दिलाया जाता है। स्वतंत्रता का अर्थ यह चुनने की स्वतंत्रता है कि मैं अपना जीवन कैसे जीना चाहती हूं। यह केवल मेरा विशेषाधिकार है कि मैं क्या चाहती हूं और अपने लिए क्या और कैसे चुनती हूं। एक खुशहाल, पूर्ण और प्रगतिशील जीवन जीना मेरे लिए मायने रखता है।
मैं ही नहीं, इस तरह और कई महिलाएं हैं जो बिना किसी पछतावे के जीना चाहती हूं। हमें अपने आप पर और अपने द्वारा चुने गए विकल्पों पर विश्वास है, क्योंकि हममें इतनी समझ है कि हम जानती हैं हमें क्या चाहिए और क्या नहीं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं कभी कोई गलती नहीं करूंगी। कोई और मेरे लिए निर्णय ले, इससे अच्छा है मैं स्वयं गलत निर्णय लूं और उनसे सीखकर आगे बढ़ूं।
सपने देखने की आजादी है स्वतंत्रता
मेरे लिए स्वतंत्रता का अर्थ है स्वयं को इस पितृसत्तात्मक समाज और रूढ़िवादी सोच से आजाद करना। साथ ही अपने लिए सपने देखना और उन सपनों को पूरा करना। समाज, माता-पिता, साथी या अपने बच्चे की स्वीकृति और उस स्वीकृति के लिए इंतजार न करने की क्षमता रखना मेरे लिए आजादी है। यह आजादी होनी चाहिए उन सीमाओं से जो अक्सर महिलाओं के जीवन को निर्धारित करती हैं और उन्हें बेड़ियों में बांधती हैं।
आपके लिए स्वतंत्रता का मतलब क्या है? इस स्वतंत्रता दिवस खुद के साथ बैठिए और सोचिए। स्वतंत्रता दिवस सामाजिक रूढ़ियों और मानदंडों को चुनौती देने का एक अवसर होना चाहिए।
आपको किस चीज से आजादी चाहिए, वो हमारे लेख में कमेंट करके बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Next Story