- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- Natural खुशबू के लिए...

नई दिल्ली : शरीर से आने वाली खास तरह की गंध यानी बॉडी ओडोर का हमारे व्यक्तित्व पर काफी असर पड़ता है। कई बार पसीने की बदबू या शरीर से आने वाली अजीब सी स्मेल की वजह से आसपास के लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में लोग अक्सर परफ्यूम और डियोड्रेंट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह केवल कुछ समय के लिए खुशबू देते हैं। ये शरीर से आने वाली असली बदबू को खत्म नहीं करते, बल्कि कुछ देर के लिए उसे छिपा देते हैं।
अगर आप बिना परफ्यूम और डियो के भी पूरे दिन फ्रेश महसूस करना चाहते हैं तो अपनी लाइफस्टाइल और खानपान में कुछ बदलाव कर सकते हैं। शरीर की प्राकृतिक खुशबू बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, सही डाइट और कपड़ों का चुनाव बहुत जरूरी होता है।
खानपान का बॉडी स्मेल पर पड़ता है असर
शरीर की गंध का सीधा संबंध हमारी डाइट से भी होता है। अगर आप लगातार तला-भुना, ज्यादा मसालेदार, जंक फूड और प्रोसेस्ड चीजों का सेवन करते हैं तो इसका असर शरीर पर दिखाई दे सकता है। ऐसे भोजन से शरीर में टॉक्सिन जमा हो सकते हैं, जिससे पसीने में बदबू बढ़ने की संभावना रहती है।
बॉडी को अंदर से स्वस्थ रखने के लिए फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बेहद जरूरी है। ज्यादा पानी पीने से शरीर से विषैले तत्व बाहर निकलने में मदद मिलती है और शरीर हल्का व तरोताजा महसूस करता है।
पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें
गर्मियों और उमस वाले मौसम में कपड़ों का चुनाव भी शरीर की गंध को प्रभावित करता है। कई लोग ऐसे कपड़े पहनते हैं जो पसीने को शरीर के पास ही रोक लेते हैं। पॉलीएस्टर और कुछ सिंथेटिक फैब्रिक पसीने को ट्रैप कर सकते हैं, जिससे बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं और बदबू ज्यादा महसूस हो सकती है।
ऐसे मौसम में कॉटन, लिनेन और अन्य ब्रीदेबल फैब्रिक के कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है। ये कपड़े पसीने को जल्दी सोख लेते हैं और शरीर को हवा मिलने में मदद करते हैं। घर में भी आरामदायक और पसीना सोखने वाले कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए।
रात में नहाने की आदत डालें
अक्सर लोग सुबह नहाने को ही अपनी दिनचर्या का हिस्सा मानते हैं, लेकिन रात में नहाना भी शरीर के लिए फायदेमंद हो सकता है। दिनभर काम करने के दौरान शरीर पर पसीना, धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं।
रात में नहाने से शरीर साफ हो जाता है और पसीने की बदबू को कम करने में मदद मिलती है। खासकर उन लोगों के लिए यह आदत ज्यादा फायदेमंद हो सकती है, जो दिनभर घर के काम या बाहर के काम में व्यस्त रहते हैं।
साफ-सफाई का रखें ध्यान
बॉडी ओडोर को नियंत्रित करने के लिए नियमित सफाई बेहद जरूरी है। शरीर के उन हिस्सों की विशेष देखभाल करनी चाहिए जहां ज्यादा पसीना आता है। समय-समय पर कपड़े बदलना, साफ तौलिये का इस्तेमाल करना और शरीर को अच्छी तरह सुखाना भी जरूरी है।
इसके अलावा तनाव, हार्मोनल बदलाव और कुछ स्वास्थ्य संबंधी कारण भी शरीर की गंध को प्रभावित कर सकते हैं। अगर अचानक शरीर से बहुत ज्यादा तेज या अलग तरह की गंध आने लगे तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर हो सकता है।
नेचुरल तरीके से फ्रेश रहने के लिए महंगे परफ्यूम पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। सही खानपान, पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और आरामदायक कपड़ों की मदद से शरीर की प्राकृतिक खुशबू को बेहतर बनाया जा सकता है। छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर आप पूरे दिन तरोताजा और आत्मविश्वास से भरे महसूस कर सकते हैं।





