लाइफ स्टाइल

अंडा करी की देसी घी वाली रेसिपी

Tulsi Rao
7 July 2022 9:17 AM GMT
अंडा करी की देसी घी वाली रेसिपी
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अंडा सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, सोडियम और पोटेशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। अंडे को लोग कई तरीके से खाते हैं। ब्रेकफास्ट में उबला अंडा या ऑमलेट तो लंच और डिनर में एग करी काफी पसंद की जाती है। अगर आप भी एग करी खाने के शौकीन हैं यहां बताई गई ये रेसिपी एक बार जरूर ट्राई करें। ये अंडा करी चावल और चपाती के साथ लाजवाब लगती है। इसे खाकर आप होटल के खाने का स्वाद भूल जाएंगे

पहले फ्राई करें अंडे
अंडा करी बनाने के लिए सबसे पहले अंडों को पानी में नमक डालकर हार्ड बॉयल कर लें। अब इन्हें ठंडा करके छील लें। अब अंडों में चीरा लगा लें ताकि तलते वक्त ये चटकें नहीं। अब एक पैन में घी लें। इसमें थोड़ा सा नमक डालें। इस घी में अंडों को तल लें। तले हुए अंडे साइड में निकालकर रख लें।
ग्रेवी के लिए
अब ग्रेवी के लिए। प्याज को बारीक काट लें। आप चाहें तो इसे ग्राइंडर में पीस भी सकते हैं। अदरक, लहसुन और मिर्ची का पेस्ट बना लें। अब एक कढ़ाई में तेल लें। इसमें एक चम्मच घी मिला लें। अब तेल में तेज पत्ता, खड़े गरम मसाले, जीरा और हींग डालें। ये थोड़े भुन जाएं तो प्याज डालें। प्याज के बाद नमक और अदरक लहसुन का पेस्ट डाल दें। ये सारा मसाला थोड़ा भुन जाए तो इसमें बारीक कटे टमाटर डाल लें। टमाटर डालने के बाद हल्दी, पिसी धनिया, लाल मिर्च, थोड़ा सा गरम या मीट मसाला डालें। अब सबको अच्छी तरह भूनें। मसालों को तब तक भूनें जब तक इनसे तेल अलग न हो जाए। मसाला भुन जाए तो इसमें पानी डालकर तेज आंच पर खौलाएं। पांच मिनट बाद आंच मध्यम कर दें और इसे ढंक कर पकाएं। जब ग्रेवी में एक खौल आ जाए तो इसमें फ्राई किए हुए अंडे डाल दें। जब ग्रेवी पकने वाली हो तो इसमें बारीक पिसी हरी इलायची और हरी धनिया डालें। 5 मिनट बाद गैस बंद कर दें। आपकी अंडा करी तैयार है। अगर आपको लहसुनी फ्लेवर पसंद हो तो एक चम्मच में घी गरम करके इसमें लहसुन डालकर भूनें और करी में डाल लें।


Next Story