- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- कहीं आप भी तो नहीं...
लाइफ स्टाइल
कहीं आप भी तो नहीं लेते खाली पेट चाय की चुस्की? इस छोटे उपाय से मिलेगी पेट की समस्या से राहत
jantaserishta.com
14 Jun 2026 4:28 PM IST

x
नई दिल्ली: सुबह उठते ही चाय पीना कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है। कई लोग दिन की शुरुआत बिना चाय के करने की कल्पना भी नहीं कर सकते। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट का मानना है कि खाली पेट चाय पीने की आदत पेट से जुड़ी कई समस्याओं को जन्म दे सकती है। ऐसे में छोटे से उपाय को अपनाकर इन समस्याओं से निजात पाया जा सकता है।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने लोगों को इस आदत के प्रति सचेत करते हुए एक आसान लेकिन महत्वपूर्ण सलाह दी है कि सुबह उठने के बाद सबसे पहले एक गिलास पानी पिएं और उसके बाद ही चाय का सेवन करें।
एनएचएम के अनुसार, खाली पेट चाय पीने से पेट में एसिड का स्तर बढ़ सकता है, जिससे एसिडिटी और गैस की समस्या होने की आशंका रहती है। इसके अलावा, यह आदत पेट में जलन और असहजता का कारण भी बन सकती है। कई लोगों को सुबह-सुबह पेट भारी लगना, खट्टी डकारें आना या पेट में बेचैनी महसूस होना जैसी समस्याएं भी इसी वजह से हो सकती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि रातभर सोने के दौरान शरीर कई घंटों तक बिना पानी के रहता है। ऐसे में सुबह उठते ही पानी पीना शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करता है। यह पाचन तंत्र को सक्रिय करता है और पेट को दिनभर के भोजन के लिए तैयार करता है। इसके बाद चाय पीने से उसके दुष्प्रभावों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाती है।
एनएचएम ने बताया कि खाली पेट चाय का सेवन दिनभर की ऊर्जा पर भी असर डाल सकता है। कई बार चाय से मिलने वाली ताजगी कुछ समय बाद थकान या सुस्ती में बदल सकती है। इसके विपरीत, यदि व्यक्ति पहले पानी पीता है या हल्का पौष्टिक आहार लेता है, तो शरीर को बेहतर ऊर्जा मिलती है और पाचन प्रक्रिया भी सुचारु बनी रहती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि सुबह उठने के बाद एक गिलास सामान्य या गुनगुना पानी पीएं। इसके बाद फल, सूखे मेवे या कोई हल्का पौष्टिक नाश्ता लेने के बाद चाय का सेवन करें। यह छोटी-सी आदत पेट को स्वस्थ रखने और कई सामान्य पाचन संबंधी समस्याओं से बचाव में मददगार साबित हो सकती है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





