लाइफ स्टाइल

मनोरंजन और ज्ञान ही नहीं बीमारियों को दूर करने में भी कारगर किताबें, जानें बिब्लियोथेरेपी के फायदे

SHIDDHANT
23 April 2026 10:11 PM IST
मनोरंजन और ज्ञान ही नहीं बीमारियों को दूर करने में भी कारगर किताबें, जानें बिब्लियोथेरेपी के फायदे
x
Delhi दिल्ली। 23 अप्रैल को दुनिया भर में किताबों के महत्व को रेखांकित करते हुए विश्व पुस्तक दिवस हर साल मनाया जाता है। इस खास मौके पर बता दें कि किताबें केवल मनोरंजन व ज्ञान ही नहीं बल्कि मानसिक सेहत को भी बेहतरीन करने का जरिया हैं। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में तनाव, चिंता और एंग्जायटी आम समस्याएं बन चुकी हैं। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए एक आसान, सस्ता और प्रभावी उपाय है बिब्लियोथेरेपी, यानी किताबों के माध्यम से मन का इलाज। दवाओं के बिना ही मन को शांत करने के आसान उपाय को बिब्लियोथेरेपी कहते हैं, जिसमें व्यक्ति अपनी समस्याओं से संबंधित किताबें, कहानियां, उपन्यास, या ऑडियोबुक्स पढ़कर खुद को बेहतर समझता है और समाधान ढूंढता है।

अमेरिकन नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, इसमें कई प्रकार के कंटेंट का इस्तेमाल किया जाता है, जो मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करती हैं। यह तरीका पूरी तरह गैर-औषधीय है। इसमें कोई दवा नहीं ली जाती। व्यक्ति अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार किताब चुनता है। पढ़ते समय वह कहानी के किरदारों से जुड़ता है, उनकी समस्याओं को समझता है और खुद की जिंदगी में भी समाधान ढूंढने लगता है। बिब्लियोथेरेपी से आत्मविश्वास बढ़ता है, भावनाओं का संतुलन होता है और मन शांत रहता है। रिसर्च में पाया गया है कि सर्जरी से पहले मरीजों में चिंता का स्तर बहुत अधिक होता है। बिब्लियोथेरेपी का उपयोग करने से उनकी घबराहट काफी कम हो जाती है। इससे ऑपरेशन के बाद की जटिलताएं भी घटती हैं। नर्स और स्वास्थ्यकर्मी आसानी से इस विधि को अपना सकते हैं। मरीज की उम्र, समझ और समस्या के अनुसार उपयुक्त किताबें चुनी जाती हैं।

रोजमर्रा की जिंदगी में भी बिब्लियोथेरेपी बहुत फायदेमंद साबित होती है। जो लोग लगातार तनाव, अवसाद या चिंता से जूझ रहे हैं, वे नियमित किताबें पढ़कर अपनी मानसिक स्थिति में सुधार ला सकते हैं। किताबें पढ़ने से दिमाग रचनात्मक बनता है, नकारात्मक विचार कम होते हैं और सकारात्मक सोच विकसित होती है। बिब्लियोथेरेपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सस्ती, आसान और घर बैठे की जा सकती है। किसी विशेष उपकरण या महंगे उपचार की जरूरत नहीं पड़ती। बस एक अच्छी किताब और थोड़ा समय काफी है। विशेषज्ञों का कहना है कि विश्व पुस्तक दिवस जैसे अवसर पर हमें यह याद दिलाना चाहिए कि किताबें सिर्फ ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य की मजबूत साथी भी हैं।
Next Story