लाइफ स्टाइल

कब्ज की समस्या में लाभदायक है उबले केले

Apurva Srivastav
16 March 2023 1:20 PM GMT
कब्ज की समस्या में लाभदायक है उबले केले
x
चीन में कब्ज की समस्या होने पर दवा के लिए केले उबालकर खाने की सलाह दी जाती है।
गलत खानपान, खराब दिनचर्या, तनाव, भोजन में फाइबर की कमी, चाय, कॉफी और शराब के अत्यधिक सेवन से कब्ज की समस्या होती है। इस स्थिति में पीड़ित को मल त्यागने में तकलीफ होती है। लंबे समय तक कब्ज रहने से बवासीर की भी समस्या हो सकती है। इसके लिए कब्ज की शिकायत होने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो कब्ज की समस्या होने पर पानी अधिक पीना चाहिए। भोजन में फाइबर युक्त चीजों को शामिल करना चाहिए। साथ ही रोजाना एक्सरसाइज और योग करना चाहिए। इससे कब्ज में आराम मिलता है। इसके अलावा, कब्ज की समस्या को दूर करने के लिए पके केले को उबालकर सेवन करना चाहिए। इससे भी कब्ज में आराम मिलता है। कई शोधों में बताया गया है कि पके केले को उबालकर खाने से न केवल शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों की प्राप्ति होती है, बल्कि कब्ज की समस्या भी दूर होती है। आइए, इसके बारे में सबकुछ जानते हैं-
उबले केले के फायदे
चीन में कब्ज की समस्या होने पर दवा के लिए केले उबालकर खाने की सलाह दी जाती है। लोग उबले केले खाते हैं। वहीं, अफ्रीका के कुछ क्षेत्रों में भी दस्त की समस्या होने पर बॉयल्ड केले खाने के लिए देते हैं। ऐसा माना जाता है कि उबले केले खाने से पेट संबंधी सभी विकार दूर होते हैं। अगर आप भी कब्ज की समस्या से परेशान हैं और इससे निजात पाना चाहते हैं, तो केले को उबालकर सेवन कर सकते हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
एक्सपर्ट्स की मानें तो केले को उबालकर खाने से शरीर को सामान्य रूप से केला खाने की तुलना में अधिक पोषक तत्व प्राप्त होता है। कुछ लोगों का पाचन तंत्र कमजोर होता है। ऐसे लोगों को केला पचाने में दिक्कत होती है। इसमें फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। वहीं, केला को उबालने से फाइबर टूट जाता है। इससे पाचन तंत्र सही से काम करता है। हालांकि, सेवन करने से पहले एक बार डॉक्टर से जरूर सलाह लें।
Next Story