लाइफ स्टाइल

धुंधला दिखना हो सकता है गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत, जानें कारण

Saba Naaz
19 Jun 2025 4:21 PM IST
धुंधला दिखना हो सकता है गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत, जानें कारण
x
Lifestyle लाइफस्टाइल : आंखों से संबंधित समस्याओं के मामले सभी उम्र के लोगों में देखे जा रहे हैं। 20 से कम उम्र, यहां तक कि बच्चे भी इसका शिकार हो रहे हैं। आंखों से कम या धुंधला दिखना आज के समय की आम समस्या है।
इसपर समय रहते ध्यान देना बहुत आवश्यक हो जाता है। इस तरह के लक्षणों को अनदेखा करना कई बार गंभीर समस्याओं, यहां तक कि आंखों की रोशनी जाने का भी कारण हो सकता है। पर क्या आप जानते हैं कि हर बार धुंधला दिखाई देना आंखों की ही समस्या हो ऐसा जरूरी नहीं है। ब्रेन ट्यूमर जैसी कई अन्य गंभीर समस्याओं के कारण भी इस तरह की दिकक्तें महसूस हो सकती हैं। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अगर आपको कुछ समय से कम दिखना या धुंधला दिखना शुरू हो गया है तो इसे अनदेखा न करें। समय रहते इसका सही निदान और इलाज करा लें, ताकि आप गंभीर दिक्कतों से बचे रह सकें।
आंखों की समस्याएं और गंभीर बीमारियों का संबंध : जब आपकी दृष्टि धुंधली हो जाती है, तो इसके चलते स्पष्ट रूप से देखना मुश्किल हो जाता है। चीजों को साफ और स्पष्ट रूप से देखने के लिए आप बार-बार पलकें झपकाते, आंखों को सिकोड़ते या अपनी आंखें रगड़ते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आंखों की स्थिति हर बार आंखों से संबंधित हो ऐसा होना जरूरी नहीं है। शरीर की कई अन्य गंभीर समस्याओं के कारण भी आपको धुंधला दिखने की समस्या हो सकती है। यही कारण है कि आंखों की इस समस्या को बिल्कुल अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
आइए जानते हैं कि किन कारणों से आपको धुंधला दिखने लगता है? किन गंभीर बीमारियों में ये लक्षण दिखाई देते हैं?
डायबिटीज के कारण भी हो सकती है ये समस्या : आंखों से धुंधला दिखने लगा है तो एक बार शुगर की भी जांच करा लीजिए। धुंधली दृष्टि और मधुमेह के बीच गहरा संबंध हो सकता है। हाई डायबिटीज की स्थिति समय के साथ आपकी दृष्टि को नुकसान पहुंचाने लगती है। डायबिटिक रेटिनोपैथी मधुमेह के कारण होने वाली एक आंख की बीमारी है। इसमें समय के साथ, हाई शुगर के कारण आपके रेटिना की छोटी रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचने लगता है। डायबिटिक रेटिनोपैथी आंखों में रक्त के संचार को प्रभावित करने वाली समस्या हो सकती है जिसके कारण आपको धुंधला दिखने लगता है। इस समस्या का अगर समय पर इलाज न हो पाए तो आपको दृष्टि का स्थाई नुकसान भी हो सकती है। ब्लड शुगर कंट्रोल न रहना इसके जोखिमों को और भी बढ़ाता जाता है।
कहीं ये स्ट्रोक का संकेत तो नहीं? : धुंधला दिखना या दृष्टि बाधित होने की समस्या कई बार स्ट्रोक का संकेत हो सकती है। स्ट्रोक में आपके मस्तिष्क का वो हिस्सा भी प्रभावित हो सकता है जो आपकी दृष्टि को नियंत्रित करता है। यही कारण है कि आपको अचानक से धुंधला दिखने को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। स्ट्रोक जानलेवा स्थिति है जिसका समय रहते इलाज जरूरी हो जाता है। स्ट्रोक के कारण धुंधला दिखने के अलावा आपको चक्कर आने, चेहरा लटकने, शरीर का संतुलन खोने, बोलने में दिक्कत, गंभीर सिरदर्द की भी समस्या हो सकती है। इन समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
Next Story