लाइफ स्टाइल

गर्भावस्था में अनार का जूस पीने के फायदे

Tulsi Rao
18 Jun 2022 1:36 PM GMT
गर्भावस्था में अनार का जूस पीने के फायदे
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क।बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी पीरियड को एन्जॉय कर रही हैं। प्रेग्नेंसी पीरियड्स में एक महिला को क्या कुछ करना चाहिए, किस तरह की डाइट लेनी चाहिए, कौन से फ्रूट्स का सेवन मां और गर्भ में पलने वाले शिशु के लिए बेहतर है सोनम कपूर ये सारी बातें अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर करती रहती हैं। सोनम कपूर ने हालही में एक स्टोरी को किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि प्रेग्नेंट महिलाओं को रोजाना एक गिलास अनार का जूस जरूर पीना चाहिए। सोनम कपूर ने अपनी स्टोरी में बताया है कि गर्भवती महिला के अनार का जूस पीने से बच्चे का दिमाग बूस्ट होता है। अपनी स्टोरी में सोनम कपूर ने डॉ. रोंडा पैट्रिक को टैग किया है।

डॉ. रोंडा ने बायोमेडिकल साइंस में पीएचडी की है। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपने फॉलोवर्स के साथ हेल्दी डाइट की जानकारी शेयर करती रहती हैं। अपने इस पोस्ट में डॉ. रोंडा ने प्रेग्नेंसी में महिलाओं को कितना और कैसे अनार के जूस का सेवन करना चाहिए, ताकि गर्भ में पलने वाले बच्चे का सही दिमागी विकास हो सके। डॉ. रोंडा के अनुसार, प्रेग्नेंट महिलाएं रोजाना अगर 240 मिलीलीटर यानी की 8 औंस अनार का जूस पिएं तो इससे गर्भ में पलने वाले बच्चे का सही दिमागी विकास होता है।
डॉ. रोंडा ने पब्लिक लाइब्रेरी ऑफ साइंस में छपी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि अनार के जूस में पॉलीफेनॉल्स पाए जाते हैं, जो दिमागी विकास के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनार के जूस के अलावा बेरी, नट्स में पॉलीफेनॉल्स पाए जाते हैं, जिनका सेवन एक गर्भवती महिला कर सकती है।
प्रेगनेंसी में अनार जूस पीने के फायदे (Benefits of drinking pomegranate juice in Pregnancy)
इम्यून सिस्टम स्ट्रांग करता है अनार का जूस
प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं में बीमारियों की आशंका काफी बढ़ जाती है। अनार का जूस पीने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। अनार के जूस में पर्याप्त मात्रा में विटामिन, फॉलिक एसिड और खनिज तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं। अगर एक महिला प्रतिदिन अनार का जूस पीती है तो यह शरीर को रोगों से लड़ने में मददगार साबित हो सकता है।
सूजन को करता है कम
जर्नल ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड केमिस्ट्री में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार अनार के जूस में तीन गुना अधिक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को सूजन से बचाने में मदद करते हैं। प्रेगनेंसी के दौरान अक्सर महिलाओं के हाथ-पैर में सूजन देखने को मिलती है। ऐसे में वो अपनी डेली डाइट में अनार का जूस शामिल कर सकती हैं यह शरीर से विषाक्त पदार्थ को बाहर निकालकर सूजन को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।
बच्चे का दिमागी विकास होता है बेहतर
डॉ. रोंडा पैट्रिक ने अपने पोस्ट में कहा है कि अनार में पॉलीफेनॉल्स तत्व पाए जाते हैं। पॉलीफेनॉल्स दिमाग की रक्षा करने के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा यह गर्भ में पलने वाले बच्चे की याददाश्त, सीखने की क्षमता और जानने की ललक को भी बढ़ावा देने में मददगार होता है। पॉलीफेनॉल्स तत्व आईक्यू लेवल को भी बढ़ाते हैं।
हाई ब्लड प्रेशर को करता है कंट्रोल
अनार का जूस प्रेगनेंसी के दौरान होने वाले हाई ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करने में मददगार साबित हो सकता है। अगर प्रेग्नेंट महिला प्रतिदिन अनार के जूस का सेवन करती है तो यह गर्भ में पलने वाले शिशु को कई तरह के नुकसान से भी बचाने में सहायक साबित होता है।
प्रेगनेंसी में अनार का जूस कब पिएं? (when drink pomegranate juice in Pregnancy )
गर्भवती महिला सुबह के नाश्ते या शाम को अनार के जूस का सेवन कर सकती है। हर इंसान की बॉडी अलग-अलग होती है, ऐसे में आपको अनार का जूस किस समय करना चाहिए इसके लिए आप डॉक्टर से संपर्क कर सकती हैं।
प्रेगनेंसी में अनार का जूस पीने के ढेरों फायदे हैं, लेकिन यह वक्त महिला के लिए काफी नाजुक होता है। प्रेगनेंसी में किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ या जूस का सेवन करने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।


Next Story