लाइफ स्टाइल

बदलते मौसम के दौरान इन फूड्स से करें परहेज

Apurva Srivastav
10 April 2023 1:43 PM GMT
बदलते मौसम के दौरान इन फूड्स से करें परहेज
x
जैसे-जैसे मौसम बदलते हैं, वैसे-वैसे हमें अपनी डाइट में भी बदलाव करते रहना चाहिए। हर मौसम का हमारे शरीर पर अलग तरह से प्रभाव पड़ता है और जबतक हम इसमें पूरी तरह से ढल नहीं जाते तबतक कुछ सावधानियां बरतने की भी जरूरत होती है। वहीं कुछ लोग बदलते मौसम के साथ आने वाले फल और अन्य सामग्री का इंतजार करते रहते हैं। लेकिन जब बदलते मौसम के साथ डाइट में बदलाव की बात आती है, तो यह समझना होगा कि इसमें केवल नए आहार को शामिल करना ही नहीं बल्कि पुरानी चीजों को छोड़ना भी आवश्यक है। चलिए जानते हैं ऐसे ही कुछ फूड आइटम्स के बारे में, जिसे बदलते मौसम के दौरान नहीं खाना चाहिए, क्योंकि यह हमारे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
मौसम परिवर्तन के दौरान इन फूड्स से करें परहेज
1. मसालेदार भोजन
मसालेदार भोजन ठंड के मौसम में शरीर को गर्म करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन गर्मी में यह समस्या भी बन सकते हैं। मसालेदार भोजन पेट की परत को परेशान कर सकते हैं, जिससे बेचैनी और जलन भी हो सकती है। इसके अलावा ये शरीर में अधिक पसीने का कारण भी बन सकता है।
2. डेयरी उत्पाद
दूध, पनीर और दही जैसे डेयरी उत्पाद शरीर में बलगम पैदा करने के लिए जाने जाते हैं, जिनका मौसम परिवर्तन के दौरान अधिक सेवन हानिकारक हो सकता है। गर्मी के मौसम में काफी गर्म और सूखी हवा चलती है, जिससे साइनस की समस्या से परेशान लोगों की दिक्कत बढ़ सकती है। इसके अलावा दूध, पनीर और चीज जैसी भारी चीजें पाचन संबंधी समस्याएं पैदा कर सकती हैं। इस मौसम के लिए दही और छांछ अच्छे हो सकते हैं।
3. ठंडे फूड आइटम्स
इन दिनों तापमान में थोड़ी गरमाहट देखने को मिल रही है, जिसके साथ गर्मी का भी आगाज हो चुका है। ऐसे में ठंडी और चिल्ड चीजों के लिए मन तरसना स्वाभाविक है। लेकिन ऐसे बदलते मौसम के दौरान सलाद और स्मूदी जैसे ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन पाचन तंत्र के लिए मुश्किल हो सकता है। अधिक ठंडे खाद्य पदार्थ पेट को सिकोड़ सकते हैं, जिससे शरीर के लिए भोजन को ठीक से पचा पाना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन, अपच, सूजन और पाचन संबंधी अन्य समस्याएं शुरु होने लगती हैं।
4. कैफीन
गर्मी के मौसम में अधिक चाय या कॉफी एक अनहेल्दी ऑप्शन है। अधिक कैफीन के सेवन से डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है। इसके अलावा कैफीन आपकी नींद में भी बाधा डाल सकती है और इससे आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली पर भी असर पड़ सकता है।
5. पैकेज्ड फूड
पैकेज्ड फूड्स जैसे चिप्स और अन्य स्नैक्स में अक्सर चीनी, नमक और अनहेल्दी फैट की मात्रा अधिक होती है। मौसम परिवर्तन के दौरान ऐसे फूड्स से विशेष रूप से दूरी बना लेनी चाहिए। इनसे शरीर में सूजन पैदा हो सकते हैं। सूजन से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें जोड़ों का दर्द, थकान और पाचन संबंधी समस्याएं शामिल हैं।
इन फूड्स के बजाय, सूप, ताजे फल और सब्जियों का सेवन करना अच्छा हो सकता है। खुद को हाइड्रेटेड रखें साथ ही अच्छी नींद भी लें।
Next Story