लाइफ स्टाइल

बालों की समस्याओं का निवारण करेगा एलोवेरा, करें इन 8 हेयर मास्क का इस्तेमाल

SANTOSI TANDI
14 Jun 2023 12:17 PM GMT
बालों की समस्याओं का निवारण करेगा एलोवेरा, करें इन 8 हेयर मास्क का इस्तेमाल
x
बालों की समस्याओं का निवारण करेगा एलोवेरा,
गर्मियों के इन दिनों में धूप, पसीने और धूल-मिट्टी की वजह से बाल बहुत रूखे और बेजान हो जाते हैं। दरअसल गर्मी में शरीर में पानी की कमी और बढ़ते तापमान का असर बालों पर पड़ता है। ऐसे में जरूरी हो जाता हैं कि गर्मियों के दिनों में बालों की अच्छे से देखभाल की जाए। इसके लिए आप एलोवेरा की मदद ले सकते हैं। इसमें कई तरह के पोषक तत्व होते हैं जो बालों को गहराई तक पोषण देने का काम करते है। एलोवेरा का कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स में भी इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आज हम आपको एलोवेरा से बने कुछ हेयर मास्क की जानकारी देने जा रहे हैं जिनके इस्तेमाल से बालों की कई समस्याओं का निवारण होगा एवं रूखे, सुस्त और बेजान बालों की समस्या से राहत मिलेगी। तो आइये जानते हैं इन हेयर मास्क के बारे में...
एलोवेरा, शहद और नारियल तेल का हेयर मास्क
यह हेयर मास्क स्कैल्प पर होने वाले इंफेक्शन से बचाव करेगा और बालों की ग्रोथ बढ़ाएगा। इसी के साथ सिर से डैंड्रफ की समस्या भी दूर होगी। इस हेयर मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में दो चम्मच शहद,दो चम्मच एलोवेरा जेल,दो चम्मच नारियल तेल और एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इन सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें और स्मूथ पेस्ट बना लें। तैयार पेस्ट को बालों पर लगाएं। याद रखें कि पेस्ट को हेयर वॉश करने के बाद ही बालों पर लगाएं। आधा घंटे बाद बालों को साफ पानी से वॉश कर लें।
एलोवेरा और दही का हेयर मास्क
एक बाउल में दो बड़े चम्मच दही लें। इसमें 3 से 4 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इन दोनों चीजों को एक साथ मिलाएं। इस हेयर मास्क को स्कैल्प के साथ-साथ बालों पर भी लगाएं। इसे 30 से 40 मिनट के लिए बालों में लगा रहने दें। इसके बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें। आप इस हेयर मास्क का इस्तेमाल हफ्ते में 1 से 2 बार कर सकते हैं।
एलोवेरा और प्याज का हेयर मास्क
प्याज का रस बालों के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है। प्याज के रस में सल्फर पाया जाता है जिससे हेयर फॉल की समस्या कम होती है। इसके लिए दो चम्मच एलोवेरा जेल में चार चम्मच प्याज का रस मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को अच्छी तरह स्कैल्प पर लगाएं और 5 से 7 मिनट के लिए मसाज करें। लगभग 1 घंटे तक इसे ऐसे ही लगाए रखें और इसके बाद शैंपू से धो लें। इसका इस्तेमाल हफ्ते में कम से कम 2 बार किया जा सकता है।
एलोवेरा और मेथी का हेयर मास्क
मेथी और एलोवेरा का हेयर मास्क एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है। ऐसे में इसे बनाने के लिए मेथी के दानों को रात में भिगो दें। अब सुबह इसे पीसकर पेस्ट तैयार करें और फिर इसमें 2-3 चम्मच एलोवेरा जेल मिक्स कर लें। अब इस मिक्सचर को बालों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें और फिर 1 घंटे बाद हेयर वॉश कर लें। इससे बाल लम्बे और घने नजर आएंगे।
एलोवेरा और केले का हेयर मास्क
इस हेयर पैक को बनाने के लिए एक ब्लेंडर में एक पके केले को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डालें। इसमें 2 से 3 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इन दोनों चीजों को अच्छे से मिलाएं। इस हेयर मास्क को बालों और स्कैल्प पर लगाएं। बालों को बन में बांधे। इसे 30 से 40 मिनट के लिए ऐसे ही लगा रहने दें। इसके बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें।
एलोवेरा, अरंडी का तेल और ऑलिव ऑयल का हेयर मास्क
इसे नियमित रूप से बालों में लगाने से बाल सॉफ्ट और सिल्की बनते हैं। तेल में एक फैट मॉलेक्यूल होता है, जो बालों को हाइड्रेट कर देता है। हेयर मास्क बनाने के लिए सबसे पहले फ्रेश एलोवेरा की पत्ती से 2 चम्मच एलोवेरा जेल निकाल लें। अब एलोवेरा जेल में एक चम्मच नारियल तेल, 1 चम्मच अरंडी का तेल और 1 चम्मच ऑलिव ऑयल मिक्स करें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें और इससे एक पेस्ट जैसा तैयार कर लें। इस पेस्ट को बालों पर अच्छी तरह से लगाएं। आपके एलोवेरा जेल से पूरे बालों को अच्छी तरह से कवर करना है। इस मास्क को करीब 2 घंटे तक बालों पर लगा रहने दें। आप चाहें तो इसे हेयर कैप से कवर कर लें। 2 घंटे बाद बालों को सादा पानी से अच्छी तरह से वॉश कर लें। हफ्ते में में करीब 2-3 बार इस एलोवेरा हेयर मास्क को बालों पर जरूर लगाएं। इसमें आप चाहें तो विटामिन ई का कैप्सूल भी मिला सकते हैं। इससे टूटे हुए बालों की मरम्मत करने में मदद मिलती है।
एलोवेरा और आंवले का हेयर मास्क
एलोवेरा में आंवला मिलाकर भी लगाया जाता है। आंवला बालों के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन सी और एंटी ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो बालों से रूसी को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए 1 कटोरी में 2 चम्मच एलोवेरा जेल ले। इसके बाद इसमें दो चम्मच आंवला का जूस मिलाएं। इस मिश्रण को स्कैल्प और बालों में लगाएं और कुछ मिनट के लिए मसाज करते रहे। इसके आधे घंटे बाद बालों को शैंपू से धो लें। इसका इस्तेमाल हफ्ते में दो से तीन बार किया जा सकता है।
एलोवेरा और एप्पल साइडर विनेगर का हेयर मास्क
इस हेयर मास्क का उपयोग उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनके बालों में खुजली, पपड़ी निकलने या डैंड्रफ / रूसी की समस्या होती है।एप्पल साइडर विनेगर इस समस्याओं को दूर करने का आसान घरेलू उपाय है। इसके अलावा, अगर स्किन ज्यादा ही ड्राई है तो मास्क में शहद भी मिलाया जा सकता है। ये बालों को नम और मुलायम बनाए रखता है। मास्क बनाने के लिए 4 टेबलस्पून एलोवेरा जेल, 2 टेबलस्पून एप्पल साइडर विनेगर, 1 टेबलस्पून शहद की जरूरत पड़ेगी। सारी सामग्री को एक साथ मिलाकर पतला पेस्ट बना लें और 20 मिनट बालों में लगा रखने के बाद बाल धो लें। उचित परिणाम के लिए इसे हफ्ते में एक बार जरूर लगाएं।
Next Story