लाइफ स्टाइल

फेस्टिव लुक में लगाएं स्टाइल का तड़का साड़ी के साथ पहनें कॉन्ट्रास्ट चूड़ियां

Ratna Netam
7 Sept 2026 4:05 PM IST
फेस्टिव लुक में लगाएं स्टाइल का तड़का साड़ी के साथ पहनें कॉन्ट्रास्ट चूड़ियां
x
लाइफस्टाइल । साड़ी का फैशन कभी पुराना नहीं होता। शादी-पार्टी से लेकर तीज-त्योहार और पारिवारिक समारोह तक महिलाएं अलग-अलग डिजाइन और रंगों की साड़ियां पहनना पसंद करती हैं। साड़ी के साथ ज्वेलरी, फुटवियर और चूड़ियों का सही चुनाव पूरे लुक को और खूबसूरत बना देता है। पहले महिलाएं आमतौर पर साड़ी के रंग से मैच करती हुई चूड़ियां पहनती थीं, लेकिन अब कॉन्ट्रास्ट बैंगल्स भी काफी पसंद किए जा रहे हैं।
अगर आप भी लाल साड़ी के साथ लाल और गुलाबी साड़ी के साथ गुलाबी चूड़ियां पहनकर बोर हो चुकी हैं तो कॉन्ट्रास्ट कलर के साथ एक्सपेरिमेंट कर सकती हैं। सही रंग की चूड़ियां आपके ट्रेडिशनल लुक में नया ट्विस्ट जोड़ सकती हैं। आइए जानते हैं लाल, गुलाबी, पीली और दूसरी रंगों की साड़ियों के साथ किन चूड़ियों का कॉम्बिनेशन खूबसूरत लग सकता है।
लाल साड़ी के साथ ग्रीन बैंगल्स
लाल साड़ी शादी और त्योहारों में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले विकल्पों में से एक है। इसके साथ लाल चूड़ियां पहनने के बजाय ग्रीन बैंगल्स ट्राई किए जा सकते हैं। रेड और ग्रीन का कॉम्बिनेशन ट्रेडिशनल होने के साथ काफी आकर्षक भी दिखाई देता है।
अगर साड़ी पर गोल्डन बॉर्डर या जरी का काम है तो हरी कांच की चूड़ियों के बीच पतले गोल्डन कड़े पहन सकती हैं। इससे हाथों को खूबसूरत और रॉयल लुक मिलेगा। शादी या किसी पारंपरिक कार्यक्रम में यह कॉम्बिनेशन खास नजर आ सकता है।
गुलाबी साड़ी के साथ बॉटल ग्रीन
पिंक साड़ी के साथ भी ग्रीन चूड़ियों का कॉम्बिनेशन आजमाया जा सकता है। खासकर लाइट पिंक साड़ी के साथ बॉटल ग्रीन या एमराल्ड ग्रीन बैंगल्स काफी उभरकर दिखाई देते हैं। अगर साड़ी सिंपल है तो थोड़े हैवी डिजाइन वाले बैंगल्स चुन सकती हैं।
वहीं रानी पिंक साड़ी के साथ ग्रीन और गोल्डन चूड़ियों का मिक्स सेट अच्छा विकल्प हो सकता है। चाहें तो बीच में कुंदन या स्टोन वर्क वाला कड़ा लगाकर बैंगल सेट को और आकर्षक बनाया जा सकता है।
पीली साड़ी के साथ मैरून चूड़ियां
हल्दी समारोह और पूजा-पाठ जैसे मौकों पर पीली साड़ी खूब पहनी जाती है। पीली साड़ी के साथ येलो बैंगल्स पहनने की बजाय मैरून या ग्रीन चूड़ियां ट्राई की जा सकती हैं। येलो और मैरून का कॉन्ट्रास्ट पूरे लुक को अलग अंदाज दे सकता है।
मस्टर्ड येलो साड़ी के साथ मैरून बैंगल्स और गोल्डन कड़ों का कॉम्बिनेशन भी खूबसूरत लगता है। अगर ब्लाउज मैरून रंग का है तो उसी रंग की चूड़ियां पहनकर पूरे आउटफिट को बैलेंस किया जा सकता है।
ग्रीन साड़ी के साथ रेड या पिंक
हरी साड़ी पहन रही हैं तो इसके साथ रेड या डीप पिंक चूड़ियां ट्राई करें। खासकर ग्रीन सिल्क साड़ी के साथ लाल कांच की चूड़ियां पारंपरिक लुक दे सकती हैं। अगर साड़ी पर गोल्डन वर्क है तो चूड़ियों के बीच कुछ गोल्डन बैंगल्स भी शामिल किए जा सकते हैं।
इसी तरह हल्की हरी साड़ी के साथ डार्क पिंक चूड़ियां एक फ्रेश और कलरफुल कॉम्बिनेशन तैयार कर सकती हैं।
ब्लू साड़ी के साथ सिल्वर बैंगल्स
ब्लू साड़ी के साथ कॉन्ट्रास्ट लुक चाहिए तो सिल्वर या व्हाइट बैंगल्स अच्छा विकल्प हो सकते हैं। नेवी ब्लू साड़ी के साथ सिल्वर चूड़ियां खासतौर पर खूबसूरत दिखाई देती हैं। कॉटन या हैंडलूम साड़ी पहन रही हैं तो ऑक्सीडाइज्ड बैंगल्स भी ट्राई किए जा सकते हैं।
बैंगल्स चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
चूड़ियों का चुनाव सिर्फ साड़ी के रंग के आधार पर नहीं बल्कि उसके डिजाइन और वर्क को देखकर भी करना चाहिए। अगर साड़ी बहुत हैवी है तो ज्यादा भारी चूड़ियां पहनने से बचें। सिंपल साड़ी के साथ स्टोन, कुंदन या मेटल वर्क वाले स्टेटमेंट बैंगल्स पहने जा सकते हैं।
कॉन्ट्रास्ट बैंगल्स का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वे साड़ी के पूरे लुक में अलग रंग जोड़ देते हैं। इसलिए अगली बार साड़ी पहनते समय मैचिंग चूड़ियों तक सीमित रहने के बजाय रेड-ग्रीन, पिंक-ग्रीन, येलो-मैरून और ब्लू-सिल्वर जैसे कॉम्बिनेशन ट्राई कर सकती हैं।
Next Story