Leh And Ladakh

लद्दाख मैराथन में दौड़े 7500 प्रतिभागी पर्यटन को भी मिला बूस्ट

SHIDDHANT
11 Sept 2026 10:21 PM IST
लद्दाख मैराथन में दौड़े 7500 प्रतिभागी पर्यटन को भी मिला बूस्ट
x
LEH लेह। लद्दाख मैराथन 2026 में इस बार देश-दुनिया से बड़ी संख्या में धावकों ने हिस्सा लिया। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मैराथन को दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मैराथन में से एक बताते हुए कहा कि इस आयोजन में करीब साढ़े सात हजार लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने इसे लद्दाख के खेल और पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
उपराज्यपाल ने कहा कि मैराथन में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर से लोग लद्दाख पहुंचे हैं। प्रतिभागियों के साथ करीब तीन हजार परिवार भी यहां आए हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से होटल, परिवहन और पर्यटन से जुड़ी दूसरी गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए गए। उपराज्यपाल ने इस बात पर विशेष खुशी जताई कि लद्दाख के बच्चों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही बाहर से आए प्रतिभागियों ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लद्दाख की ऊंचाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां इस मैराथन को बेहद चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। इसके बावजूद हजारों लोगों की भागीदारी आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
उपराज्यपाल ने लद्दाख पहुंचे सभी प्रतिभागियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां आए लोगों का लद्दाख दौरा शानदार और यादगार रहेगा तथा वे यहां की खूबसूरती और अनुभवों की अच्छी यादें लेकर वापस लौटेंगे। लद्दाख मैराथन के जरिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ क्षेत्र को एडवेंचर और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में भी मदद मिल रही है।
Next Story