
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रियों को विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जो मुद्दे उठाएगा, सरकार उसका जवाब देगी। प्रदेश सरकार बजट सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता …
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रियों को विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जो मुद्दे उठाएगा, सरकार उसका जवाब देगी। प्रदेश सरकार बजट सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही है। उन्होंने विपक्ष को हिदायत दी है कि वे वॉकआउट की मंशा से न आएं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्यसभा उम्मीदवार का फैसला कांग्रेस हाईकमान पर छोड़ दिया है। हिमाचल से राज्यसभा के लिए सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी के साथ ही अब एक नाम अजय माकन का भी चर्चा में आ गया है।
मंगलवार को विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की एक राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार का चयन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ही करेगी। उन्होंने कहा कि अगर सोनिया गांधी हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाती हैं, तो बहुत अच्छा होगा। उन्होंने पूरा फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर ही छोड़ा है। जैसे ही राष्ट्रीय कांग्रेस से कोई जानकारी मिलेगी, तो वह उसके मुताबिक काम करेंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और कांग्रेस अपने उम्मीदवार को राज्यसभा सांसद बनाकर भेजेगी।
