भारत

सरकार गांव के द्वार 55 सर्टिफिकेट, 53 की जांची सेहत

18 Jan 2024 5:34 AM GMT
सरकार गांव के द्वार 55 सर्टिफिकेट, 53 की जांची सेहत
x

शिलाई। वर्तमान सरकार ने प्रदेश की बागडोर संभालने के उपरांत छोटे से कार्यकाल में व्यवस्था में बदलाव लाने की एक सफल कोशिश की है जो अब नजर आने लगी है। यह बात उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बकरास में प्रदेश सरकार के जनोपयोगी कार्यक्रम सरकार गांव …

शिलाई। वर्तमान सरकार ने प्रदेश की बागडोर संभालने के उपरांत छोटे से कार्यकाल में व्यवस्था में बदलाव लाने की एक सफल कोशिश की है जो अब नजर आने लगी है। यह बात उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बकरास में प्रदेश सरकार के जनोपयोगी कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार का विधिवत शुभारंभ करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर बनाना तथा अगले 10 सालों में देश का पूरी तरह से विकसित राज्य बनाना हमारी सरकार का संकल्प है। उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार का एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है जिसके माध्यम से लोगों का शासन व प्रशासन से घरद्वार के समीप सीधा साक्षात्कार होगा और लोगों को उनके कार्यों को घरद्वार के समीप करवाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीते साल प्रदेश में आई आपदा से 12 हजार करोड़ का नुकसान हुआ। सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद प्रदेश सरकार ने 4500 करोड़ का विशेष आपदा राहत पैकेज जारी किया। आपदा प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री की सराहना देश-विदेश में हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आपदा राहत राशि में संशोधन करके इसे 10 से लेकर 15 गुणा तक बढ़ाया। सिरमौर जिला में अभी तक 10 करोड़ की राहत राशि प्रभावित परिवारों में आबंटित की जा चुकी है। उद्योग मंत्री ने हाल ही में स्टार्टअप में हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले राज्य से पुरस्कृत किए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बधाई दी। फार्मा एक्सपो मुंबई में 2110 करोड़ के निवेश के लिए 17 समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुए हैं।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल को 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में शिलाई क्षेत्र की पूरी तरह से अनदेखी की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जिनमें लोगों ने गहरी रुचि दिखाई। स्वास्थ्य व आयुर्वेद विभागों ने नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर लगाए और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। इस अवसर पर 53 लोगों की स्वास्थ्य जांच व 34 टेस्ट किए गए। राजस्व विभाग ने मौके पर अनेक प्रकार के 55 प्रमाण पत्र तैयार करके लोगों को उपलब्ध करवाए। गांवों के लोगों ने निजी व सार्वजनिक समस्याएं रखी। मंत्री ने समस्याओं का समाधान मौके पर करने का प्रयास किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने इस अवसर पर जहां रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, प्रधान बकरास पंचायत सोहन सिंह चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष बलवीर, जिला परिषद सदस्य चमेली देवी, प्रधान क्यारी गुंडाह स्नेहलता, उप-प्रधान बकरास बहादुर सिंह शर्मा, पूर्व प्रधानों में श्याम कला चौहान, भाग सिंह तथा भरत सिंह, विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, कांग्रेस के पदाधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Next Story