जब 'Hum', के सेट पर डूबने से बचीं शिल्पा शिरोडकर, सुनाया पूरा किस्सा

Mumbai मुंबई : 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने अपने फिल्मी करियर से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। शिल्पा ने बताया कि फिल्म हम की शूटिंग के दौरान उनके साथ एक ऐसा हादसा हुआ था, जिसमें वह लगभग डूब ही गई थीं।
शिल्पा शिरोडकर हाल ही में डांस रियलिटी शो इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 में पहुंचीं, जहां उन्हें अभिनेता गोविंदा की ओर से एक खास वीडियो मैसेज के जरिए सरप्राइज दिया गया। इसी दौरान दोनों से जुड़ा पुराना और मजेदार किस्सा सामने आया।
शो में गोविंदा ने फिल्म ‘हम’ की शूटिंग के दौरान हुई घटना को याद करते हुए बताया कि उस समय शिल्पा को तैरना नहीं आता था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें भी अच्छी तरह तैरना नहीं आता था, लेकिन शूटिंग के दौरान दोनों को पानी से जुड़े सीन करने पड़े।
गोविंदा ने बताया कि शूटिंग के दौरान शिल्पा पानी में चली गईं और अचानक उन्हें एहसास हुआ कि वह दिखाई नहीं दे रही हैं। इसके बाद वह घबरा गए और उन्हें आवाज लगाने लगे। गोविंदा ने कहा कि वह शिल्पा को ढूंढते हुए परेशान हो गए थे और फिर उन्होंने पानी में जाकर उन्हें बाहर निकाला।
इस घटना को याद करते हुए गोविंदा ने बताया कि बाहर आने के बाद शिल्पा ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि शिल्पा ने उनसे शिकायत करते हुए कहा था कि उन्हें पहले ही बताया था कि उन्हें तैरना नहीं आता, फिर उन्हें पानी वाले सीन में क्यों उतारा गया।
शिल्पा ने भी इस किस्से को याद करते हुए बताया कि वह पल उनके लिए बेहद डरावना था। हालांकि बाद में यह घटना दोनों के लिए एक यादगार किस्सा बन गई। शूटिंग के दौरान हुए इस हादसे के बावजूद फिल्म की शूटिंग पूरी हुई और ‘हम’ उस दौर की सफल फिल्मों में शामिल हुई।
बता दें कि शिल्पा शिरोडकर ने 90 के दशक में कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। वहीं गोविंदा भी उस दौर के सबसे बड़े सितारों में शामिल रहे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
फिल्मी दुनिया में शूटिंग के दौरान ऐसे कई किस्से सामने आते रहे हैं, जहां कलाकारों को कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है। शिल्पा और गोविंदा से जुड़ा यह किस्सा भी इसी तरह की एक घटना है, जिसे दोनों आज भी याद करते हैं।





