
मुंबई। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की सफलता के बीच इसके डायरेक्टर अहमद खान ने फिल्म के बजट और फ्रेंचाइजी के अगले पार्ट को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। फिल्म 26 जून को रिलीज हुई थी और शुरुआती चार दिनों में ही इसने वर्ल्डवाइड 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।
डायरेक्टर अहमद खान ने एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म का बजट करीब 115 से 125 करोड़ रुपये के बीच रहा है। इसमें कलाकारों की फीस, गाने और एक्शन सीक्वेंस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनके बारे में यह धारणा गलत है कि वे महंगी फिल्में बनाते हैं। उनके अनुसार, वह हमेशा तय बजट के अंदर ही फिल्म पूरी करते हैं और प्रोड्यूसर के हितों का ध्यान रखते हैं।
अहमद खान ने यह भी कहा कि कई बार 200 से 250 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट का गलत इस्तेमाल किया जाता है, जिससे फिजूलखर्ची बढ़ती है। उन्होंने दावा किया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ के डिजिटल, सैटेलाइट, म्यूजिक और ओवरसीज राइट्स पहले ही बेचकर पूरा खर्च निकाल लिया गया था, जिससे फिल्म अब सीधे मुनाफे की स्थिति में है।
फिल्म की सफलता को देखते हुए ‘वेलकम 4’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। जब अहमद खान से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक कोई आधिकारिक योजना नहीं है, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए आगे पार्ट बन सकता है। हालांकि इसमें समय लगेगा।
कास्ट को लेकर भी उन्होंने संकेत दिए कि पुराने किरदार नाना पाटेकर (उदय भाई) और अनिल कपूर (मजनू भाई) की वापसी संभव है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य के पार्ट में जॉन अब्राहम की एंट्री भी हो सकती है, हालांकि अभी कुछ भी तय नहीं है। फिलहाल फिल्म की कमाई और लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और फ्रेंचाइजी को लेकर फैंस में उत्साह बना हुआ है।





