मनोरंजन
विवेक ओबेरॉय का संघर्ष, रिहर्सल रूम साफ करने से ‘कंपनी’ के स्टार बनने तक
jantaserishta.com
3 Sept 2026 2:16 PM IST

x
नई दिल्ली: विवेक ओबेरॉय आज 50 साल के हो गए हैं। बॉलीवुड में उनकी शुरुआत आसान नहीं रही। अभिनेता बनने से पहले उन्होंने फराह खान को असिस्ट किया और रिहर्सल रूम की सफाई से लेकर डांसर्स के लिए चाय लाने तक का काम किया। बाद में ‘कंपनी’ से उन्हें बड़ा ब्रेक मिला और उन्होंने हीरो के साथ-साथ विलेन के किरदारों में भी अपनी पहचान बनाई।
पिता अभिनेता थे, फिर भी खुद बनाया रास्ता
विवेक ओबेरॉय का जन्म एक फिल्मी परिवार में हुआ। उनके पिता सुरेश ओबेरॉय हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता रहे हैं और उन्होंने ‘लावारिस’, ‘नमक हलाल’, ‘मिर्च मसाला’ और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी फिल्मों में काम किया। इसके बावजूद विवेक ने अपने पिता की पहचान के सहारे फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि शुरुआत में उन्होंने किसी को यह तक नहीं बताया कि उनके पिता कौन हैं। उनका लक्ष्य अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाना था।
फिल्मों में आने से पहले विवेक ने कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान को लंबे समय तक असिस्ट किया। उनकी शुरुआत किसी बड़े स्टार की तरह नहीं, बल्कि बेहद सामान्य कामों से हुई। वह रिहर्सल रूम साफ करते थे और डांसर्स के लिए चाय तक लेकर आते थे। यही अनुभव उनके लिए आगे की ट्रेनिंग का हिस्सा बना।
‘कंपनी’ ने बदल दी करियर की दिशा
साल 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘कंपनी’ से विवेक ओबेरॉय ने बॉलीवुड में कदम रखा। मुंबई के अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उन्होंने चंदू का किरदार निभाया था। पहली ही फिल्म में उनके अभिनय ने दर्शकों और फिल्म समीक्षकों का ध्यान खींच लिया। विवेक को अपने डेब्यू के लिए फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड मिला। इसी फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का फिल्मफेयर सम्मान भी मिला।
उसी साल वह ‘रोड’ और ‘साथिया’ में नजर आए। ‘साथिया’ में रानी मुखर्जी के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया और उनके अभिनय को भी सराहना मिली।
हीरो से विलेन तक निभाए अलग-अलग किरदार
विवेक ओबेरॉय ने अपने करियर में खुद को सिर्फ रोमांटिक हीरो तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने नेगेटिव और चुनौतीपूर्ण किरदारों को भी उतनी ही मजबूती से निभाया। विशाल भारद्वाज की 2006 में आई ‘ओमकारा’ में उन्होंने केशु का किरदार निभाया। इसके बाद ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में गैंगस्टर माया डोलस की भूमिका ने उनकी एक अलग छवि बनाई। फिल्म में उनके लुक और अभिनय की काफी चर्चा हुई।
2010 में ‘रक्त चरित्र’ में परिताला रवि का किरदार उनके करियर के चुनौतीपूर्ण रोल्स में गिना गया। वहीं 2013 की ‘कृष 3’ में उन्होंने सुपरविलेन काल का किरदार निभाकर एक बार फिर अपनी रेंज दिखाई।
साउथ सिनेमा में भी बनाई पहचान
विवेक ने हिंदी फिल्मों के अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी काम किया। उन्होंने तमिल फिल्म ‘विवेगम’ से शुरुआत की और बाद में मलयालम फिल्म ‘लूसिफर’ में विलेन बॉबी का रोल निभाया। मोहनलाल स्टारर इस फिल्म में उनके किरदार को दर्शकों ने पसंद किया। उन्होंने तेलुगु सिनेमा में भी काम किया और ‘विनय विधेया रामा’ में नजर आए। इसके अलावा 2022 में वह मलयालम फिल्म ‘कडुवा’ का हिस्सा रहे।
एक्टिंग के साथ बिजनेस और प्रोडक्शन
विवेक ओबेरॉय ने अभिनय के अलावा फिल्म प्रोडक्शन और बिजनेस में भी कदम रखा। साल 2011 में उन्होंने ‘देख इंडियन सर्कस’ फिल्म प्रोड्यूस की, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। वह रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज’ में जज के तौर पर नजर आए। इसके अलावा उन्होंने ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका निभाई। विवेक की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 29 अक्टूबर 2010 को प्रियंका अल्वा से शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं।
‘रामायण’ में दिखेगा नया किरदार
अब विवेक ओबेरॉय की आने वाली फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर चर्चा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वह विद्युत्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं, जो शूर्पणखा के पति हैं। फिल्म 8 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है।
फिल्म में विवेक और रावण के बीच युद्ध का दृश्य भी देखने को मिलने की बात सामने आई है। खास बात यह है कि विवेक ने फिल्म से मिलने वाली अपनी पूरी फीस कैंसर से जूझ रहे बच्चों के इलाज के लिए दान करने का फैसला किया है।
50 साल की उम्र में विवेक ओबेरॉय का सफर दिखाता है कि उनका करियर सिर्फ फिल्मों में हीरो बनने तक सीमित नहीं रहा। संघर्ष से शुरुआत करने वाले विवेक ने अलग-अलग तरह के किरदारों के साथ अपनी पहचान बनाई और अब वह सिनेमा के साथ सामाजिक पहल को लेकर भी चर्चा में हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





