मनोरंजन

वीरेंद्र सहवाग के शो का हुआ फिनाले, शहजाद पूनावाला ने ट्रॉफी के साथ जीती बड़ी रकम

jantaserishta.com
6 Nov 2026 2:25 PM IST
वीरेंद्र सहवाग के शो का हुआ फिनाले, शहजाद पूनावाला ने ट्रॉफी के साथ जीती बड़ी रकम
x
नई दिल्ली: वीरेंद्र सहवाग के रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' का छह सप्ताह का सफर शुक्रवार को खत्म हो गया। शो के ग्रैंड फिनाले में शहजाद पूनावाला ने बाजी मारते हुए विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उन्हें इनाम के तौर पर 35 लाख रुपये भी मिले। अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बिग बॉस के पूर्व विजेता गौतम गुलाटी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
शो के आखिरी मुकाबले तक पहुंचने के लिए प्रतियोगियों को कई चुनौतियों और उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ा। पूरे सीजन में शहजाद अपने बेबाक अंदाज और खेल में सक्रिय भागीदारी के कारण चर्चा में रहे। आखिरकार उन्होंने बाकी प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर खिताब जीत लिया।
35 लाख रुपये बाढ़ प्रभावित राज्यों को करेंगे दान
शहजाद पूनावाला ने शो जीतने के बाद अपनी इनामी राशि को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि वह 35 लाख रुपये अपने पास रखने के बजाय बाढ़ प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे। उनके इस फैसले की चर्चा भी हो रही है। शो में जीत के साथ मिली रकम को जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल करने की उनकी घोषणा ने फिनाले को और खास बना दिया। इससे पहले 'राइज एंड फॉल' का पहला सीजन अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने जीता था।
प्रियंका दूसरे और गौतम गुलाटी तीसरे स्थान पर
फिनाले में अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। वह 'नागिन 7' में भी नजर आने वाली हैं। वहीं, 'बिग बॉस 8' के विजेता गौतम गुलाटी तीसरे नंबर पर रहे। शहजाद की दोस्त स्वरा भास्कर चौथे स्थान पर रहीं, जबकि टीवी अभिनेता करण पटेल पांचवें नंबर पर रहे। शो की शुरुआत में शहजाद और स्वरा के बीच काफी अनबन देखने को मिली थी। दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन बाद में उनकी दोस्ती हो गई। इसके बाद खेल में दोनों की केमिस्ट्री और रणनीति चर्चा का विषय बनी रही।
शो में अपने बेबाक अंदाज से चर्चा में रहे शहजाद
शहजाद पूनावाला पूरे सीजन में खुलकर अपनी राय रखने के लिए पहचाने गए। कई मौकों पर उन्हें शो का मास्टरमाइंड भी कहा गया। शुरुआत में सिवेट तोमर के साथ उनकी बहस काफी सुर्खियों में रही थी। इसके अलावा तेज प्रताप यादव के साथ उनकी दोस्ती और प्रियंका चाहर चौधरी के साथ प्रतिस्पर्धा भी दर्शकों के बीच चर्चा में रही। गौतम गुलाटी के साथ उनके रिश्तों में भी कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिले। अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी रणनीति बदलने और गेम में सक्रिय बने रहने का फायदा उन्हें फिनाले में मिला।
ये थे 'राइज एंड फॉल 2' के प्रतियोगी
इस सीजन में मनोरंजन, राजनीति और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे शामिल हुए थे। प्रतियोगियों की सूची में सिवेट तोमर, काजल राघवानी, गौतम गुलाटी, प्रियंका चाहर चौधरी, तेज प्रताप यादव, मनीष कश्यप, करण पटेल, कायरा अनु, स्वरा भास्कर, निहारिका तिवारी, राज ग्रोवर, अनीश भगत, ऋषभ जायसवाल, जसवंत बोपन्ना, इरीना रुदाकोवा, सारा गुरपाल और सोनम मलिक शामिल थे।
क्या है 'राइज एंड फॉल' शो का कॉन्सेप्ट?
'राइज एंड फॉल' एक रियलिटी शो है, जो अमीर और गरीब के बीच के अंतर पर आधारित है। इसमें प्रतिभागियों को दो समूहों में बांटा जाता है। एक समूह को शासकों की भूमिका मिलती है, जबकि दूसरे समूह के सदस्य कामगार बनकर रहते हैं। कामगारों को अपनी स्थिति बदलकर ऊपर पहुंचने का मौका मिलता है, जबकि शासकों को अपनी जगह बनाए रखने के लिए लगातार रणनीति बनानी पड़ती है। इसी उतार-चढ़ाव और मुकाबले के बीच छह सप्ताह बाद सीजन 2 का विजेता सामने आया। इस बार शहजाद पूनावाला ने ट्रॉफी के साथ 35 लाख रुपये की इनामी राशि भी जीत ली।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story