मनोरंजन

विजय देवरकोंडा ने मां को बर्थडे पर दिया ऐसा गिफ़्ट... देखें तस्वीर

Tara Tandi
25 Sep 2021 2:10 AM GMT
विजय देवरकोंडा ने मां को बर्थडे पर दिया ऐसा गिफ़्ट... देखें तस्वीर
x
विजय देवरकोंडा

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| अर्जुन रेड्डी स्टार विजय देवरकोंडा ने अपनी मां माध्वी देवरकोंडा को उनके जन्मदिन पर ऐसा तोहफ़ा दिया है, कोई सोच भी नहीं सकता। सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। विजय ने मां के जन्मदिन पर उन्हें एक नया-नवेला मल्टीप्लेक्स थिएयर गिफ़्ट कर दिया है, जिसका नाम एशियन विजय देवरकोंडा सिनेमाज़ यानी AVD है। तेलुगु स्टार ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की।

24 सितम्बर को विजय ने इंस्टाग्राम स्टोरी में तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी मां थिएटर के बीचों-बीच खड़ी नज़र आ रही हैं। विजय ने यह मल्टीप्लेक्स हैदराबाद के महबूबनगर में शुरू किया है। मां के जन्मदिन पर थिएटर का शुभारम्भ नागा चैतन्य और साई पल्लवी की फ़िल्म लव स्टोरी से हुआ। विजय ने फोटो के साथ लिखा- हैप्पी बर्थडे मम्मा। यह आपको लिए है। अगर आप वर्कआउट करोगी और स्वस्थ रहोगी तो मैं ज्यादा मेहनत करूंगा और आपको और यादें दूंगा।

विजय ने यह ख़बर इससे पहले 19 सितम्बर को सोशल मीडिया के ज़रिए फैंस तक पहुंचायी थी। विजय ने एक वीडियो के साथ ट्वीट किया, जिसमें लिखा- एक्टर बनने के सपने से लेकर अब मल्टीप्लेक्स सिनेमा का मालिक बनने तक... मैं आपके साथ साझा कर रहा हूं एशियन विजय देवरकोंडा सिनेमाज़... पहला एवीडी महबूबनगर में 24 सितम्बर से खुलेगा।




विजय ने तेलुगु सिनेमा में कई हिट फ़िल्मों में काम किया है। अब करण जौहर ने उन्हें बॉलीवुड में लॉन्च करने की ज़िम्मेदारी उठायी है। करण के प्रोडक्शन में बन रही बहुभाषी फ़िल्म लाइगर से विजय हिंदी दर्शकों के बीच पहुंचेंगे। हालांकि, हिंदी बेल्ट में उनका नाम नया नहीं है। शाहिद कपूर की सुपरहिट फ़िल्म कबीर सिंह के ज़रिए विजय हिंदी दर्शकों के बीच पहुंच चुके हैं। कबीर सिंह, विजय की फ़िल्म अर्जुन रेड्डी का रीमेक थी।

लाइगर को पुरी जगन्नाथ निर्देशित कर रहे हैं। फ़िल्म में अनन्या पांडेय फीमेल लीड रोल में हैं। अनन्या की यह पहली बहुभाषी फ़िल्म है। तेलुगु के साथ यह फ़िल्म हिंदी में भी बनायी जा रही है। फ़िलहाल गोवा में इसकी शूटिंग चल रहा है। स्पोर्ट्स ड्रामा लाइगर में राम्या कृष्णन, रॉनित रॉय, मकरंद देशपांडे अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।

Next Story