
x
शेट्टी परिवार का जोश शिल्पा संग राज और शमिता भी झूमे
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने परिवार के साथ गणपति बप्पा को धूमधाम से विदाई दी। मुंबई स्थित उनके आवास के बाहर गणपति विसर्जन के दौरान जमकर जश्न देखने को मिला। ढोल की थाप और पारंपरिक संगीत के बीच शिल्पा ने दिल खोलकर डांस किया। उनके साथ पति राज कुंद्रा, बहन शमिता शेट्टी और परिवार के दूसरे सदस्य भी गणेश उत्सव के रंग में रंगे दिखाई दिए। इस सेलिब्रेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
गणपति विसर्जन के मौके पर शिल्पा पारंपरिक महाराष्ट्रीयन अंदाज में नजर आईं। उन्होंने पीले रंग की नऊवारी साड़ी पहनी थी और मराठमोला लुक अपनाया था। शिल्पा ने विसर्जन की धुनों पर डांस किया और परिवार के साथ बप्पा की विदाई का उत्सव मनाया। उनके डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं।
शिल्पा के साथ राज कुंद्रा भी पीले रंग के पारंपरिक परिधान में नजर आए। परिवार के सदस्य गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए विसर्जन में शामिल हुए। रिपोर्ट के मुताबिक शिल्पा और राज के बच्चे वियान और समीशा, बहन शमिता शेट्टी और मां सुनंदा शेट्टी भी इस पारिवारिक उत्सव का हिस्सा बने।
शिल्पा शेट्टी ने इस साल 14 सितंबर को परिवार के साथ गणपति बप्पा का अपने घर स्वागत किया था। एक दिन बाद 15 सितंबर को परिवार ने गणेश प्रतिमा का पर्यावरण अनुकूल तरीके से विसर्जन किया। विसर्जन से पहले घर में पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद परिवार प्रतिमा को लेकर बाहर आया।
शिल्पा शेट्टी का गणेशोत्सव से खास जुड़ाव रहा है। वह कई वर्षों से अपने घर पर गणपति बप्पा का स्वागत करती आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए वह 2019 से इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता देती रही हैं। हालांकि निजी कारणों से उन्होंने 2025 में अपने घर पर वार्षिक गणेश उत्सव नहीं मनाया था और इस साल फिर परिवार के साथ बप्पा का स्वागत किया।
गणपति विसर्जन के दौरान शिल्पा का उत्साह सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। ढोल की आवाज सुनते ही अभिनेत्री जमकर थिरकती दिखाई दीं। परिवार के साथ पूजा से लेकर विसर्जन तक के कई खास पल कैमरों में कैद हुए।
शिल्पा शेट्टी के अलावा मुंबई में कई बॉलीवुड और टेलीविजन सितारों ने भी इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव मनाया। सितारों के घर बप्पा के आगमन और विसर्जन की तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
Next Story





