मनोरंजन

वीकेंड का फायदा भी नहीं उठा पाईं विक्की और शिल्पा की फिल्में, शाहरुख की ‘जवान’ ने 18वें दिन भी मचाया तूफान

SANTOSI TANDI
25 Sep 2023 7:37 AM GMT
वीकेंड का फायदा भी नहीं उठा पाईं विक्की और शिल्पा की फिल्में, शाहरुख की ‘जवान’ ने 18वें दिन भी मचाया तूफान
x
शाहरुख की ‘जवान’ ने 18वें दिन भी मचाया तूफान
इस शुक्रवार (22 सितंबर) को सिनेमाघरों में विक्की कौशल की फिल्म ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ और शिल्पा शेट्टी की फिल्म ‘सुखी’ रिलीज हुई। बॉक्स ऑफिस पर दोनों ही फिल्म को निराशा हाथ लगी। दरअसल वे 7 सितंबर को रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ का सामना नहीं कर पाईं, जो अभी तक धूम मचा रही है। पहले बात करते हैं ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ की। विक्की ने इस फिल्म का काफी प्रमोशन किया था, लेकिन बात नहीं बनी।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक विक्की और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर की फिल्म ने तीसरे दिन रविवार (24 सितंबर) को 1.99 करोड़ रुपए कमाए। पहले दिन उसका कलेक्शन 1.4 करोड़ और दूसरे दिन 1.72 करोड़ रुपए रहा था। यानी अब तक कुल मिलाकर इसने 5.11 करोड़ रुपए ही कमाए हैं। दूसरी ओर, ‘सुखी’ की हालत तो इससे भी खराब है।
इसने तीन दिन में महज 1.14 करोड़ रुपए कमाए हैं। पहले दिन यह आंकड़ा 30 लाख, दूसरे दिन 43 लाख और तीसरे दिन रविवार को 41 लाख रुपए रहा। सोनल जोशी के डायरेक्शन में बनी फिल्म में शिल्पा, अमित साध, डेलनाज ईरानी, कुशा कपिला व पवलीन गुजराल के अहम रोल हैं।
दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपए की कमाई के करीब पहुंच चुकी है ‘जवान’
अब बात करते हैं ‘जवान’ मूवी की। यह रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है। फिल्म का क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा। यह 600 करोड़ का आंकड़ा छूने की ओर बढ़ रही है। Sacnilk के अनुसार 'जवान' ने रिलीज के 18वें दिन रविवार (24 सितंबर) को 15.69 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जिसके बाद इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 562.13 करोड़ रुपए हो गया है।
यह भारत में ‘पठान’ और ‘गदर 2’ को पछाड़ चुकी है। दुनियाभर में अब तक इसने 979.08 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। इससे पहले इसी साल रिलीज हुई शाहरुख की 'पठान' ने 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया था। ‘जवान’ ने पहले दिन ही भारत में 70 से 80 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस एक्शन ड्रामा फिल्म का डायरेक्शन एटली कुमार ने किया है।
इसे हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज किया गया है। अब 'जवान' की नजर एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म RRR का रिकॉर्ड ब्रेक करने पर है, जिसने भारत में कुल 782.2 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया था।
Next Story