
जनता से रिश्ता वेबडेस्क | दिग्गज थिएटर अभिनेता और निर्देशक फारूख मेहता का गुरुवार सुबह निधन हो गया है। जब उनकी मौत हुई उस वक्त अभिनेता सो रहे थे। बता दें कि 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। अभिनेता के परिवार में उनकी पत्नी विजया मेहता हैं जो कि मराठी फिल्म और थिएटर निर्देशक हैं। इसके अलावा उनकी बेटी अनाहिता उबेरॉय हैं। अभिनेता के निधन की जानकारी उनकी बेटी अनाहिता ने दी है।
अनाहिता ने बताया कि उनकी इतनी उम्र होने के बाद भी वह घर में सबसे कम उम्र के सदस्य थे, क्योंकि उनकी स्प्रिट और कर्टसी ऐसी थी। अनाहिता ने बताया कि वो और उनके पिता अगले वीकएंड पर इंग्लिश थिएटर इन मुंबई पर वर्चुअली बातचीत करने वाले थे। उन्होंने बताया कि वह अभी भी अपने पिता के लिए यह करेंगी।
फारूख मेहता के करियर की बात करें तो अपने करियर के छह दशकों में उन्होंने 30 से ज्यादा अंग्रेजी नाटकों मे अभिनय किया है। जिसमें गिरीश कर्नाड का आइकॉनिक तुगलक, एडवर्ड एल्बी की द जू स्टोरी, प्रताप शर्मा की ए टच ऑफ ब्राइटनेस और आर्थर मिलर की डेथ ऑफ ए सेल्समैन शामिल हैं। उन्होंने थिएटर ग्रुप बॉम्बे (टीजीबी) के लिए अन्य सात नाटकों का भी निर्देशन किया था, जिसमें फारूक, पर्ल और एलिक पदमसी और गर्सन दा कुन्हा जैसे अन्य लोग शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने गुजराती नाटकों और कुछ हिंदी फिल्मों में भी अभिनय किया।