
मनोरंजन: टीवी के लोकप्रिय शो 'अनुपमा' में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ प्रेरणा की शादी की रस्में खुशी-खुशी पूरी हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रेम की एक बड़ी सच्चाई सामने आ गई है। अनुपमा की डायरी चोरी के मामले में प्रेम ने खुद कबूल कर लिया कि उसने ही डायरी चुराई थी। प्रेम की इस हरकत से शाह और कोठारी परिवार के लोग हैरान रह जाते हैं। शो की शुरुआत में अनुपमा प्रेरणा की शादी की रस्मों को लेकर भावुक नजर आती है। वह कहती है कि प्रेरणा पहले इस घर में बेटी की तरह रहती थी और अब बहू बनकर जा रही है। अनुपमा बताती है कि प्रेरणा उसके लिए भतीजी जैसी है, इसलिए वह उसकी सभी रस्में पूरी जिम्मेदारी से निभाएगी। वहीं लीला भी प्रेरणा से वादा करवाती है कि वह नए घर की जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएगी।
प्रेरणा की शादी के दौरान दिग्विजय भी भावुक हो जाते हैं। वह कहते हैं कि प्रेरणा का कन्यादान करते समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्होंने अपनी बेटी सावी का कन्यादान किया हो। शादी की रस्मों के बीच परिवार में भावनात्मक माहौल बना रहता है।
कुकिंग प्रतियोगिता में आया नया मोड़
शादी के बाद कहानी कुकिंग प्रतियोगिता की ओर बढ़ती है। दिग्विजय और प्रेम बताते हैं कि प्रतियोगिता का अगला राउंड फैमिली राउंड होगा। इसमें परिवार के पांच सदस्य हिस्सा ले सकेंगे। यह सुनकर अनुपमा काफी खुश हो जाती है और प्रतियोगिता को लेकर उत्साहित नजर आती है। लीला और वसुंधरा भी प्रतियोगिता में शामिल होने की इच्छा जाहिर करती हैं। वहीं प्रेम कहता है कि अपनी टीम के सदस्यों का चुनाव वह खुद करेगा, क्योंकि उसे प्रतियोगिता जीतने के लिए सबसे अच्छे कुक की जरूरत है।
प्रेम ने सबके सामने कबूली डायरी चोरी
इसके बाद कहानी में बड़ा खुलासा होता है। पारितोष अनुपमा से उसकी डायरी के बारे में पूछता है। किंजल बताती है कि अनुपमा की डायरी गायब है। तभी पारितोष खुलासा करता है कि डायरी कोठारी हाउस में मौजूद है और आरोप लगाता है कि इसे प्रेम ने चुराया है। अनुपमा पहले इस बात को मानने से इनकार कर देती है और पारितोष को बिना सबूत आरोप लगाने से रोकती है। लेकिन जब पारितोष प्रेम से राही की कसम खाकर सच बोलने के लिए कहता है, तो प्रेम सबके सामने अपनी गलती स्वीकार कर लेता है।
प्रेम के इस कबूलनामे से परिवार के सभी लोग हैरान रह जाते हैं। अंश कहता है कि उसे लगा था प्रेम बदल चुका है, लेकिन वह शादी के बीच भी सिर्फ डायरी चुराने आया था।
प्रेम ने बताई चोरी की वजह
प्रेम के सच बोलने के बाद शाह परिवार उससे नाराज हो जाता है। इसी बीच माही आरोप लगाती है कि शायद अनुपमा का प्रतियोगिता वाला फॉर्म भी प्रेम ने ही जलाया होगा। हालांकि श्रुति प्रेम का बचाव करती है और कहती है कि अनुपमा ने उसे ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद प्रेम अपनी सफाई देते हुए कहता है कि अनुपमा उसकी प्रतियोगी है और प्यार व जंग में सब जायज होता है। उसके लिए यह प्रतियोगिता एक जंग है और वह हर हाल में अनुपमा को हराना चाहता है।
प्रेम की बात सुनकर अनुपमा उसे करारा जवाब देती है। वह कहती है कि अगर जीतना था तो अपनी मेहनत के दम पर जीतते, किसी और का सहारा लेकर नहीं। अनुपमा कहती है कि अगर उसे डायरी चाहिए तो वह उसे अपने पास रख सकता है।
आने वाले एपिसोड में देखना दिलचस्प होगा कि डायरी चोरी के बाद अनुपमा और प्रेम के रिश्ते में क्या बदलाव आता है और कुकिंग प्रतियोगिता में कौन बाजी मारता है।





