मनोरंजन

इस देश में आज से खुलेगा सिनेमाघर, ये बॉलीवुड और हॉलीवुड फ़िल्में हो सकती हैं रिलीज़...

Triveni
5 Nov 2020 7:14 AM GMT
इस देश में आज से खुलेगा सिनेमाघर, ये बॉलीवुड और हॉलीवुड फ़िल्में हो सकती हैं रिलीज़...
x
आख़िरकार, महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य में सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसके लिए केंद्र द्वारा जारी गाइडलाइंस का सख़्ती से पालन करना होगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| आख़िरकार, महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य में सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसके लिए केंद्र द्वारा जारी गाइडलाइंस का सख़्ती से पालन करना होगा। महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलना हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए अच्छा संकेत है। हालांकि, दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए सिनेमा हॉल प्रबंधनों को अभी भी कड़ी मेहनत करनी होगी।

कोरोना वायरस पैनडेमिक को नियंत्रित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने कई अहम क़दम उठाये थे, जिनमें से एक देशभर के सिनेमा हॉल्स की तालाबंदी भी था। लगभग सात महीनों तक बंद रहने के बाद 15 अक्टूबर से सिनेमाघरों की तालाबंदी हटी।

महाराष्ट्र में आज से खुले सिनेमाघर

देश के कई राज्यों में सिनेमाहॉल और मल्टीप्लेक्सेज़ को खोलने की अनुमति दे दी गयी थी, मगर महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र सिनेमाघर बंद रखे थे। महाराष्ट्र में आज (5 नवम्बर) से सभी सिनेमाघर खुल गये हैं। हालांकि, कंटेनमेंट ज़ोन में सिनेमाघरों की तालाबंदी जारी रहेगी।

केंद्र सरकार ने जो दिशा-निर्देश जारी किये, उनमें सबसे अहम है कि सिनेमाघर 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खोले जाएं, यानी किसी सिनेमाघर में जितनी सीटें हैं, उसका 50 फीसदी ही दर्शक बुलाए जाएंगे। महाराष्ट्र में इन दिशा-निर्देशों के साथ ऑडिटोरियम में किसी तरह की खाद्य सामग्री ले जाने पर भी मनाही है।

हिंदी फ़िल्मों के लिए अहम है मुंबई टेरीटरी

महाराष्ट्र, ख़ासकर मुंबई टेरीटरी हिंदी फ़िल्मों के लिए एक अहम बाज़ार है। नॉर्थ में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब के साथ मुंबई टेरीटरी का हिंदी फ़िल्मों के बिज़नेस में सबसे अधिक योगदान रहता है। ऐसे में मुंबई टेरीटरी का खुलना हिंदी फ़िल्मों के लिए शुभ संकेत है। मुंबई टेरीटरी बंद होने की वजह से निर्माता फ़िल्मों को रिलीज़ करने से हिचकिचा रहे थे। मगर, नई फ़िल्मों की रिलीज़ में तेज़ी आने की सम्भवाना है।

रिलीज़ हो सकती हैं यह फ़िल्में

महाराष्ट्र सरकार का यह फ़ैसला दिवाली के त्योहार के मद्देनज़र अहम साबित हो सकता है। रोशनी के इस पर्व की फ़िल्म व्यवसाय में काफ़ी अहमियत है। मुंबई टेरीटरी में सिनेमाघरों के खुलने से फ़िल्म निर्माण कंपनियां और निर्माता दिवाली पर फ़िल्मों की रिलीज़ का मन बना सकते हैं। ऐसी फ़िल्मों में मनोज बाजपेयी की सूरज पे मंगल भारी भी है, जिसको लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।

सूरज पे मंगल भारी (दिवाली रिलीज़)

बाहुबली- द बिगिनिंग (दोबारा रिलीज़)

बाहुबली 2- द कन्क्लूज़न (दोबारा रिलीज़)

वॉर विद ग्रैंड-पा (दिवाली रिलीज़)

दर्शकों को खींचना अभी भी चुनौती

देश में कोरोना वायरल पैनडेमिक को लेकर हालात अभी भी अच्छे नहीं हैं। वैक्सीन आने तक एहतियात बरतने के निर्देश लगातार दिये जा रहे हैं। ऐसे में सिनेमाहॉल और मल्टीप्लेक्स जैसे सार्वजनिक स्थलों पर जाने से लोग अभी भी कतरा रहे हैं। इस लिहाज़ से दर्शकों को सिनेमाघरों तक आने के लिए प्रोत्साहित करना अभी भी एक चुनौती रहेगी। नई फ़िल्मों की रिलीज़ से सम्भव है कि हालात कुछ बदलें।

Next Story